
BHOPAL POLICE ARREST
Jabalpur News : जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मस्ताना चौक में एक मिठाई की दुकान में अवैध वसूली करने पहुँचे 4 नकली खाद्य अधिकारियों को व्यापारी संघ ने दबोचकर रांझी पुलिस के हवाले किया है। आरोपियों का नाम उत्तम सिंह,बृजेश दुबे,सार्थक सिंह और अविनाश कामले है जो कि मस्ताना चौक में रांझी व्यापारी संघ के कोषाध्यक्ष दीपक साहू की देवी इंदौर स्वीट्स की दुकान पर पहुंचकर अवैध रुपए की मांग कर रहें थे।
क्या है पूरा मामला
दीपक साहू ने बताया कि उसके पिता जब दुकान में बैठे हुए थे तभी एक लाल कार में 4 युवक आए और मिठाई दुकान में घुसकर अपने आपको को अन्तर्राष्ट्रीय उपभोक्ता कल्याण समिति का अध्यक्ष और सदस्य बताते हुए रुपए और मिठाई की मांग करने लगे। जिसके बाद दुकान में बैठे दीपक साहू के पिताजी घबरा गए, उन्होंने व्यापारी संघ के सदस्यों को सूचना दी, मौके पर पहुँचे व्यापारी संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूछताछ की तो चारों धौंस दिखाने लगे।


चारों युवक संदिग्ध प्रतीत हुए जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची रांझी पुलिस ने चारों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में चारों ने अपना नाम उत्तम सिंह निवासी घाना, बृजेश दुबे, सार्थक सिंह और अविनाश कामले बताया सघन पूछताछ में चारों ने नकली खाद्य अधिकारी बनकर कई जगह अवैध वसूली की बात कबूल की। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई की है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
