जबलपुर में 8 लड़कों ने तीन युवकों को घेरकर चाकू से किया हमला, हमलावरों की तलाश में जुट गई पुलिस

स्थानीय लोगों की सूचना के बाद गोहलपुर थाना पुलिस घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंची और उनके बयान दर्ज करने के बाद अब आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
jabalpur police

Jabalpur News : जबलपुर में तीन युवकों के ऊपर करीब 7 से 8 लड़कों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि नाले के पास बाथरूम को लेकर यह विवाद हुआ था जिसके बाद 7 से 8 लड़कों ने घेर कर तीनों लड़कों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने तीनों ही घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। गोहलपुर थाना पुलिस भी हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

घायल शेरा के भाई अल्ताफ अहमद का कहना है कि आज शेरा, गुलफाम और किट्टू जब गोहलपुर के पास स्थित एक नाले के पास बाथरूम कर रहे थे, इस दौरान वहां पर बैठे 7 से 8 लड़कों ने उन्हें वहां से हट जाने के लिए कहा इस पर किट्टू ने उन लड़कों से बहस करना शुरू कर दिया। इसके बाद 7 से 8 लड़कों ने तीनों को घेरा और फिर चाकू से उनके चेहरे, गले में हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना के बाद गोहलपुर थाना पुलिस घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंची और उनके बयान दर्ज करने के बाद अब आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। गोहलपुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्क का कहना है कि किट्टू , गुलफाम और शेरा की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews