
MP News : मध्य प्रदेश में पुस्तक प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, जबलपुर में आयोजित किए गए पुस्तक मेला को मिली सफलता के बाद राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में इनका आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के हर जिले के कलेक्टर को पत्र भेज दिया है। जिसके तहत नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों और अभिभावकों को उचित मूल्य पर पुस्तक, यूनिफार्म, कॉपी और स्टेशनरी आदि उपलब्ध कराने के लिए पुस्तक मेले का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है।

जबलपुर में हुआ था आयोजन
बता दें कि बीते 10 से 14 अप्रैल तक गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक में पुस्तक मेला का आयोजन किया गया था। दरअसल, जबलपुर में कलेक्टर दीपक सक्सेना ने निजी स्कूलों की मनमानी से राहत दिलाने के लिए इसका आयोजन किया था। इस पहल के तहत स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को यहां बहुत ही कम रेट पर बच्चों की किताबें, कॉपियां, यूनिफार्म, जूते, टाई, स्कूल बैग सहित अन्य पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान आम नागरिकों और अभिभावकों से काफी अच्छा रिस्पांस मिला। जिसके बाद उनकी मांग पर जिला प्रशासन को 5 दिवसीय इस मेले की अवधि एक दिन बढ़ानी पड़ी।
कई जिलों से पहुंचे लोग
केवल इतना ही नहीं, इस मेले के प्रदेश के कई जिलों से लोग पहुंच रहे थे। उनकी रूचि को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों से सम्पर्क कर इस संबंध में अधिक जानकारी ली गई। जिसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला कलेक्टरों को यह निर्देश दिया गया कि यदि उनके जिले में निजी स्कूल, प्रकाशक और किताब विक्रेताओं की साठगांठ के कारण अभिभावकों को परेशानी हो रही है, तो स्थानीय परिस्थितियों का आंकलन करते हुए प्रत्येक जिले में उपयुक्त स्थान का चयन कर बुक फेयर का आयोजन किया जाए।
भारत निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति
शिक्षा विभाग द्वारा यह भी कहा गया है कि मेले में कॉपी-किताबों के साथ-साथ यूनिफार्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के स्टॉल भी लगवाए जाएं, ताकि एक ही जगह पर सभी चीजें उन्हें कम और उचित दाम में मिल सके। इसके अलावा, कलेक्टरों चुनावी आदर्श आचार संहिता का विशेष ध्यान रखने का भी निर्देश दिया गया है। बता दें कि इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग से अनुमति प्राप्त कर ली गई है। बता दें कि पुस्तक मेले का आयोजन बच्चों से लेकर वयस्क तक सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करता है। साथ ही उन्हें पढ़ाई और साहित्य के प्रति उत्साहित करता है।
संदीप कुमार, जबलपुर
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

