भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत आज जबलपुर में संभाग स्तरीय विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में महाकौशल प्रान्त के जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों से करीब 400 चयनित कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देना है। ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए पार्टी की नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचा सकें।
ये भी पढ़ें
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्रीगण कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन को सशक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। यह कार्यशाला पूरे दिन चलेगी जिसमें अलग-अलग सत्रों के माध्यम से संगठन की कार्यशैली, पार्टी की नीति-रीति, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि महाकौशल क्षेत्र के जबलपुर, रीवा और शहडोल सहित चार संभागों के कार्यकर्ताओं के लिए यह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने के पीछे भाजपा का मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत हैं।
सीएम ने बताया कार्यशाला का महत्व
मुख्यमंत्री ने जबलपुर को माँ नर्मदा का पावन तट बताते हुए यहां के कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि संगठन की मजबूती के लिए ऐसे प्रशिक्षण वर्ग बेहद जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए भी भाजपा के सांसद, विधायक और मंत्री खुद को सबसे पहले एक कार्यकर्ता मानते हैं और उसी भावना के साथ संगठन और सरकार दोनों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।