आज, गुरुवार को जबलपुर के शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम होने जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर की लगभग 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ वर्चुअली संवाद करेंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, खेल अधोसंरचना एवं भारत के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र से अवगत कराना है, जिससे देश की युवा ऊर्जा को खेल के क्षेत्र में नई दिशा और प्रेरणा मिल सके। शासकीय महाकौशल कॉलेज में आयोजित इस समारोह में उपस्थित युवा, प्रधानमंत्री मोदी के इस वर्चुअल संबोधन को लाइव सुन सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उत्सव के एक हिस्से के रूप में ‘मेरा युवा भारत’ (MY भारत) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो-दो कॉलेजों के युवाओं की भागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा प्रतिभागी, MY भारत के स्वयंसेवक, स्थानीय खिलाड़ी और जन प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस पहल की एक प्रमुख विशेषता खेल में रुचि रखने वाले युवाओं और भारत के अग्रणी एथलीटों व पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद होगी।
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का पूरा कार्यक्रम
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गुरुवार 27 अगस्त को जबलपुर आगमन होगा।
- मुख्यमंत्री डॉ यादव सुबह 10.45 बजे इंदौर से वायुयान द्वारा डुमना एयरपोर्ट आयेंगे।
- सुबह 11 बजे शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के कार्यक्रम में भाग लेंगे ।
- सुबह 11:55 बजे डुमना एयरपोर्ट पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत एवं अगवानी करेंगे।
- केंद्रीय रक्षा मंत्री के साथ दोपहर 12:15 बजे व्हीकल फैक्टरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंने के बाद साउथ सिविल लाइन्स में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3.15 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे ।
- केंद्रीय रक्षा मंत्री को विदाई देने के बाद दोपहर 3:30 बजे वायुयान द्वारा भोपाल रवाना होंगे।






