देहरादून। उत्तराखंड की विकास यात्रा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को अब गीत-संगीत के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उनके पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर तैयार विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया।
इस एल्बम गीत को पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) ने तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा और सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।
विकास से लेकर संस्कृति तक को गीत में मिली जगह
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान को संरक्षित और आगे बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

एल्बम से जुड़े कलाकारों को सीएम ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने धामी सरकार के पांच वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए फैसलों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी और शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित इससे जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस दौरान युवा मोर्चा पछवादून जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट और सपना जवाड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






