
Jabalpur News : मानसूनी बारिश ने पूरे प्रदेश को तरबतर कर दिया है, कुछ जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए है, कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट्स भी परेशान हैं ऐसे में वे स्टूडेंट्स अधिक परेशान हैं जिनकी परीक्षा चल रही है, बारिश ने परीक्षाओं में भी खलल डाल दिया है जिसके चलते जबलपुर विश्वविद्यालय ने अपने यहाँ हो रही कुछ परीक्षाओं को स्थगित कर नई तारीख की घोषणा की है।
स्टूडेंट्स की परेशानी को देखते हुए लिया गया फैसला
जबलपुर और आसपास लगातार हो रही बारिश के चलते रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ दीपेश मिश्रा का कहना है कि जबलपुर संभाग में लगातार बारिश हो रही है बारिश में छात्रों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए अभी परीक्षा स्थगित करने का निर्णय विश्वविद्यालय प्रबंधन ने लिया है।
BA LLB और LLB की थी आज परीक्षा
आपको बता दें कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में 5 अगस्त को बीए-एलएलबी (आनर्स) छठवा सेमेस्टर और एल एल बी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा थी। जिनकी अब नई तिथि घोषित कर दी गई है, विश्वविद्यालय के पोर्टल में नया कार्यक्रम भी अपलोड कर दिया गया है।
इन नई तारीखों पर होंगी परीक्षाएं
यूनिवर्सिटी ने बीए-एलएलबी (आनर्स) की आज होने वाली परीक्षा की नई तारीख 23 अगस्त दी है जबकि एल एल बी चतुर्थ सेमेस्टर की 01 अगस्त को स्थगित परीक्षा 14 अगस्त को होगी और आज 05 अगस्त को होने वाली परीक्षा 17 अगस्त को आयोजित करने की जानकारी दी है ।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

