जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र रामपुर मांडवी बस्ती में रविवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। जहां हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से दो लोगों की मौत और एक गंभीर रूप से झुलस गया है। जानकारी अनुसार, घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

दो लोगों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल

जानकारी अनुसार, रामपुर मांडवा बस्ती निवासी देवेंद्र राजपूत की पत्नी सीता राजपूत (55) और उनका बेटा किशन राजपूत (23) रविवार शाम अपने घर पर दीवाली की सफाई के दौरान छत पर लोहे का पुराना सामान रख रहे थे। इसी दौरान लोहे का सामान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते करंट फैल गया और सीता राजपूत तथा किशन राजपूत उसकी चपेट में आ गए। जिसके बाद उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं, इसी दौरान उनका भतीजा बाबू ​उर्फ रियान राजपूत (12) भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल बालक को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बस्ती में भी शोक का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

जबलपुर से वंदना झा की रिपोर्ट