जबलपुर बरगी डैम हादसा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान, जीतू पटवारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

जबलपुर बरगी डैम में पर्यटकों से भरे एक क्रूज के अचानक डूबने से 6 लोगों की मौत की खबर है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। वहीं, जीतू पटवारी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
जबलपुर बरगी डैम हादसा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान, जीतू पटवारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार, 30 अप्रैल 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां पर्यटकों से भरे एक क्रूज के अचानक डूबने से अब तक करीब 6 लोगों की मौत और कई के लापता होने की खबर है। मौके पर पुलिस बल और प्रशासन मौजूद है, राहत-बचाव कार्य अभी भी जारी है। साथ ही मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

बता दें हादसे कारण अचानक बिगड़ते मौसम की वजह से आया तूफान बताया जा रहा है। वहीं गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

राकेश सिंह ने व्यक्त किया दुख, जांच के आदेश

मंत्री राकेश सिंह ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। मंत्री ने यह भी कहा कि अंधेरा होने के कारण अभी हताहतों की सटीक संख्या बताना जल्दबाजी होगी और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

राकेश सिंह ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजकर सुरक्षित बचाना है और सभी संसाधनों के साथ रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रखा गया है।

जीतू पटवारी ने सुरक्षा व्यवस्थ पर खड़े किए सवाल

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत दुखद और दिल दहला देने वाली है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं है बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। मैं भगवान से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं, दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews