
जबलपुर, डेस्क रिपोर्ट। जबलपुर में एक चायवाले ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश की चाकू मारकर हत्या कर दी। चायवाले की माँ के साथ बदमाश ने बदतमीजी कर दी थी, जिससे नाराज चायवाले ने मौके पर ही बदमाश को मौत के घाट उतार दिया, हिस्ट्रीशीटर रोज फ्री में चाय पीकर जाता था और रुपए मांगने पर धमकाने लगता। मंगलवार देर रात जब दुकानदार ने उससे रुपए मांगे तो उसने चांटा मार दिया। समझाने आई मां को भी धक्का दे दिया। इससे चायवाले को गुस्सा आ गया और उसने बदमाश की हत्या कर दी। मृतक का इलाके में बहुत ज्यादा खौफ था।
यह भी पढ़ें…Relationship tips : क्या आपके रिश्ते में चल रहा है ब्लेम गेम, खुद को बेकार गिल्ट से बचाइये
पुलिस के अनुसार शहर के गाजी नगर में मुकद्दर की चाय की दुकान है। बदमाश रफी उर्फ रसिया उसके यहां रोज चाय पीने आता था और बिना रुपए दिए ही चला जाया करता था। मुकद्दर जब भी उससे रुपए मांगता, तो वह धमकाते हुए विवाद करता। बीती रात करीब साढ़े 10 बजे रफी दुकान पर पहुंचा। चाय पीने के बाद वह जाने लगा तो मुकद्दर ने कहा- रफी भाई चाय के पैसे दे दो। पहले के भी बहुत बकाया हैं। यह सुनते ही रफी आगबबूला हो गया और मुकद्दर को जोर का थप्पड़ जड़ दिया। कहा- रुपए मांगने की हिम्मत कैसे की। बेटे के साथ हो रहे विवाद को सुनकर मुकद्दर की माँ बाहर आ गई और बदमाश को समझाने लगी लेकिन रफी ने माँ से ही बदतमीजी करते हुए धक्का दे दिया। मां के साथ हुई हाथापाई को देख मुकद्दर भी गुस्सा हो गया और दुकान पर रखा चाकू उठा लिया। उसने चीखते हुए रफी पर एक के बाद एक कई वार किए। चाकू रफी के गले में जा घुसा, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। खून से सने रफी को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें…. आखिर कैसे एक टूटे पुल ने की कांग्रेस की गुटबाजी दूर !
हत्या के बाद दुकान पर ही बैठा रहा मुकद्दर
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद वह अपनी दुकान पर ही चाकू लिए मां के साथ बैठा रहा। घटना के बाद रफी के परिजनों ने अस्पताल में ही जमकर हंगामा किया इसी बीच पुलिस मुकद्दर की दुकान पहुंची जहां से उसे हिरासत में ले लिया, मुकद्दर ने पुलिस को बताया कि वह रफी से बहुत ज्यादा परेशान था रोजाना वह उसकी दुकान पर मुफ़्त में चाय पीता और पैसे मांगने पर गालियां देता, फिर माँ से बदतमीजी मुकद्दर से देखी नहीं गई और उसने रफी को मौत के घाट उतार दिया।
