जबलपुर: मध्यप्रदेश में खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है। सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता अब सड़क पर उतरकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान खींच रहे हैं। वहीं, गुरुवार को जबलपुर में कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध जताकर सरकार पर निशाना साधा है।
जानकारी अनुसार, खराब सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से घमापुर और रद्दी चौकी मार्ग तक पैदल मार्च निकालकर बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाई।
बता दें कि प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस पार्षद दल के नेता अमरीश मिश्रा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बदहाल सड़कों के विरोध में सड़क पर झाड़ू लगाई, धूल जमा की और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केवल एक साल पहले बनी सड़कें पहली ही बारिश में गड्ढों में बदल गईं हैं। तीन-तीन साल की गारंटी वाली सड़कों का यह हाल निर्माण की खराब गुणवत्ता और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा खराब निर्माण कार्यों के कारण बर्बाद हो रहा है।
बदहाल सड़कें और गंदगी महापौर की नाकामी का आईना: सौरभ शर्मा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि जबलपुर की बदहाल सड़कें और गंदगी महापौर की नाकामी का आईना बन गई हैं। खस्ताहाल सड़कें, जगह-जगह फैली गंदगी और चरमराई हुई मूलभूत सुविधाएं नगर निगम की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रही हैं। शहर के लोग रोजाना गड्ढों वाली सड़कों से होकर गुजरने को मजबूर हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इसी जनविरोधी रवैये और नगर निगम की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल ने अंबेडकर चौक से धमापुर चौक तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से संचालित नगर निगम को शहर की समस्याओं और जनता की परेशानियों का जवाब देना होगा।





