जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दस दिन में दूसरी बार मिला धमकी भरा ईमेल, FIR दर्ज

इस ईमेल में आरडीएक्स से हमले की बात कही गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। मेल एक अज्ञात आउटलुक आईडी से भेजा गया, जिसमें कई संदिग्ध नामों का उल्लेख था। एयरपोर्ट प्रबंधन की शिकायत पर खमरिया थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है और पुलिस जांच में जुटी है।
Jabalpur Dumna Airport

जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। किसी अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए मेल में “पवित्र मोहर्रम ब्लास्ट” का जिक्र किया गया..जिसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और एयरपोर्ट पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

बता दें कि इससे पहले 29 जून को भी डुमना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसके बाद खमरिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। उस जांच में भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी और मामला फर्जी निकला था। इस बार भी धमकी मिलने के बाद सघन तलाशी के दौरान एयरपोर्ट पर कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

फिर मिली डुमना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

पिछले दस दिन में दूसरी बार जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी का माहौल है।एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार धमकी भरा ईमेल ‘इमाम हुसैन अली’ नाम की एक आउटलुक आईडी से भेजा गया था। मेल में एम. गुनासेकरन, जीवा सगप्तम वैश्यू, सेथिल वेल, माइनर, नैनिका कोवन, शिवदास और सुमी पापा जैसे नामों का जिक्र किया गया था। ईमेल में लिखा गया कि एयरपोर्ट में “फोर आरडीएक्स 800 बेस फ्यूज” रखा गया है, जिसे जानबूझकर कम मात्रा में डोप किया गया ताकि प्रभाव कम हो और ज्यादा लोग हताहत कम हों। मेल में जिन नाम का जिक्र था, उनकी जानकारी जुटाई गई। सभी विमान कंपनियों से यात्रा करने वाले पैसेंजरों की जानकारी भी बुलाई गई, लेकिन मेल में जिन नाम को लिखा था उनमें से कोई भी नाम पैसेंजर लिस्ट में नहीं थे।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने तुरंत बम निरोधक दस्ते, पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सूचित किया। सोमवार की शाम से देर रात तक एयरपोर्ट के अंदर और बाहर गहन तलाशी ली गई। बीडीएस ने एयरपोर्ट के हर कोने की बारीकी से जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा धमकी भरे ईमेल की शिकायत मिलने पर खमरिया थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। खमरिया थाना प्रभारी सरोजिनी टोप्पो ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews