जबलपुर के कटंगी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 3 लोगों को कुचला, 2 की मौके पर मौत और एक व्यक्ति घायल

जबलपुर के कटंगी में तेज रफ्तार ट्रक ने तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में नरेंद्र यादव और मनीष ठाकुर की मौके पर मौत हो गई है जबकि राहुल यादव गंभीर घायल बताया गया है।
Jabalpur Accident News

जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के पास कटंगी में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां शनिवार शाम को तेज रफ्तार ट्रक ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे सिंग्रामपुर गांव के पास पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी अनुसार, भीषण हादसे के दौरान मौके पर राहगीरों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं, पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। साथ ही घायल व्यक्ति को अस्पताल इलाज के लिये भर्ती किया गया है।

जानकारी अनुसार, कटंगी निवासी राहुल यादव और नरेंद्र यादव बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, जबकि मनीष ठाकुर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान जबलपुर से दमोह की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक AP39UJ3324) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत एवं एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जबलपुर-कटंगी मार्ग पर बेकाबू वाहनों के कारण हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान नरेंद्र यादव (40), निवासी कूड़न मोहल्ला, वार्ड नंबर-1 कटंगी और मनीष ठाकुर (30), निवासी देवगंवा मोहल्ला, कटंगी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में राहुल यादव (27), निवासी नौरैया मोहल्ला, वार्ड नंबर-3 कटंगी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जबलपुर से वंदना झा की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर के कटंगी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 3 लोगों को कुचला, 2 की मौके पर मौत और एक व्यक्ति घायल - MP Breaking News