Hindi News

जबलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला आया सामने, आर्मी डॉक्टर पर लगा दहेज के लिए हत्या का आरोप

Reported by:Sandeep Kumar|Edited by:Ankita Chourdia
Published:
चेन्नई के कारोबारी की एडवोकेट बेटी की शादी के 3 महीने बाद संदिग्ध मौत ने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल पिता ने आर्मी डॉक्टर पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
जबलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला आया सामने, आर्मी डॉक्टर पर लगा दहेज के लिए हत्या का आरोप

जबलपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। दरअसल यह प्रकरण भोपाल के त्विषा शर्मा मामले की याद दिलाता है, जहां दहेज हत्या के गंभीर आरोप लगे थे। ताजा घटनाक्रम में, चेन्नई के एक कारोबारी ने अपनी बेटी की शादी के महज़ तीन महीने बाद उसकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने के बाद यह मामला अब जिला अदालत तक पहुँच गया है।

दरअसल चेन्नई निवासी कारोबारी पी. दक्षिणामूर्ति ने आरोप लगाया है कि उनकी एडवोकेट बेटी कविता की शादी 2 मार्च 2025 को आर्मी में पदस्थ डॉक्टर मेजर ओम नागार्जुन से हुई थी। पिता ने शादी में 100 तोला सोना, हीरे का हार, एक लग्जरी कार सहित कुल 3 करोड़ रुपये का दहेज दिया था। इसके बावजूद, ससुराल पक्ष पर लगातार और दहेज की मांग करने का आरोप है। दक्षिणामूर्ति ने बताया कि उनकी बेटी की मौत को हार्ट फेल होना बता दिया गया, जबकि वे इसे दहेज हत्या मान रहे हैं।

दहेज की मांग और प्रताड़ना के संकेत

दरअसल पिता दक्षिणामूर्ति ने कविता के आरोपित पति मेजर ओम नागार्जुन की व्हाट्सएप चैट भी उजागर की है। चैट में दहेज की मांग और प्रताड़ना के संकेत मिलने का दावा किया गया है। दक्षिणामूर्ति का आरोप है कि उनकी बेटी कविता को मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया गया। उनसे मेजर ओम का अस्पताल खुलवाने के लिए 2 करोड़ रुपये और दहेज की मांग की जा रही थी। यह राशि न देने पर कविता से ससुराल में बार-बार घर के सभी शौचालयों को साफ करवाया जाता था।

जानिए क्या है पूरा मामला?

परिवार के मुताबिक, शादी के लगभग तीन माह बाद आरोपित पति मेजर डॉक्टर ओम नागार्जुन का तबादला जबलपुर हो गया था। 9 जून को ओम कविता को फ्लाइट से लेकर जबलपुर के जैक राइफल्स रेजिमेंट सेंटर पहुंचे। रेजिमेंट सेंटर पहुंचने के ठीक बाद कविता के बाथरूम में फिसलने की बात कही गई। घटनास्थल से आर्मी अस्पताल की दूरी मात्र 5 मिनट थी, लेकिन मेजर ओम ने कविता को 3 घंटे बाद, रात 12 बजकर 39 मिनट पर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में कविता को मृत घोषित कर दिया गया, और उसकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया।

सिर पर गंभीर चोट के दो निशान मिले थे

पिता दक्षिणामूर्ति के वकील मनीष वर्मा ने इस दावे पर सवाल उठाए हैं। वकील मनीष वर्मा का आरोप है कि कविता के सिर पर गंभीर चोट के दो निशान मिले थे, जो बाथरूम में फिसलने की कहानी से मेल नहीं खाते। उन्होंने यह भी दावा किया है कि मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स से पता चला है कि शादी के बाद के तीन महीनों में मेजर ओम ने इंदौर निवासी एक युवती से 100 घंटे से अधिक समय तक बातचीत की थी, जिससे उनके एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स होने का आरोप भी लगाया गया है।

इस मामले में गोराबाजार थाना पुलिस ने पहले मर्ग कायम किया था, लेकिन परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी के चलते अब कविता के पिता पी. दक्षिणामूर्ति ने जिला अदालत में कम्प्लेंट केस दायर किया है। पुलिस अधिकारी इस मामले पर बयान देने से बच रहे हैं, उनका कहना है कि मामला अदालत में विचाराधीन है। आरोपों से घिरे कविता के आरोपित पति मेजर डॉक्टर ओम नागार्जुन का पक्ष भी अब तक सामने नहीं आया है। ऐसे में, अब जिला अदालत से ही इस गंभीर मामले में दिशा-निर्देश सामने आने का इंतजार है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अदालत के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews