
Jabalpur News : जबलपुर में बीते दिनों एक बदमाश ने दुकान संचालक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस घटना में दुकान संचालक के छोटे भाई को भी चोट आई। चाकू मारने के बाद जैसे ही बदमाश भागने लगा तो घायल अवस्था में होने के बावजूद भी दोनों भाइयों ने बदमाश को पकड़ा और उसकी आंखों में मिर्च डालकर उसे पटक दिया। इसके बाद कैंट थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश का नाम मारियो बताया जा रहा है जो कि क्षेत्र का आदतन अपराधी है उसके खिलाफ कई मामले भी दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, 27 तारीख को दुकान संचालक राकेश गुप्ता से आरोपी मारियो का पैसों को लेकर विवाद हुआ था बदमाश राकेश गुप्ता से अवैध रुपए की मांग कर रहा था जिसे देने के लिए राकेश ने मना कर दिया था। 28 तारीख को राकेश ने बदमाश मारियो के खिलाफ कैंट थाना पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। शिकायत से नाराज होकर बदमाश मारियो 2 मार्च की दोपहर राकेश गुप्ता की सदर चौपाटी स्थित दुकान में पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। अचानक ही मारियो ने मयंक पर चाकू से हमला कर दिया बीच में बड़े भाई राकेश गुप्ता आए उन्हें भी चोट लगी।
दोनों ही भाइयों पर चाकू से हमला करने के बाद बदमाश वहां से भागने लगा, तभी घायल होने के बावजूद भी राकेश और मयंक ने बदमाश को पकड़ा और उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी। आंखों में मिर्च पड़ते ही बदमाश हवा में चाकू लहराने लगा, इससे डरे बिना दोनों भाई ने बदमाश को पकड़ा रखा। सूचना के बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। बहरहाल चाकू बाजी में घायल हुए दोनों भाइयों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”919586424″]
