
Jabalpur Gwarighat Narmada News : 2023 चुनाव के मद्देनज़र जबलपुर में एक बार फिर, नर्मदा पर सियासत गर्मा गई है, कांग्रेस से चुनकर आए जबलपुर के महापौर ने दावा किया है कि अगले 6 माह के भीतर नर्मदा में एक बूंद भी गंदा पानी नहीं मिलने दिया जाएगा और अगली दीपावली पर नर्मदा तट पर सवा लाख दीपक जलाकर स्वच्छ नर्मदा का उत्सव मनेगा, महापौर के इस ऐलान पर भाजपा नेता पसोपेश में हैं।
यह है एक्शन प्लान
जबलपुर में नर्मदा शुद्धिकरण के वादे पर नगर सत्ता में आई कांग्रेस ने मिशन 2023 से पहले अपना चुनावी वादा निभाने की कवायद तेज कर दी है,कांग्रेस की टिकट पर चुनकर आए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने स्वच्छ नर्मदा का एक्शन प्लान बनाया है, वादे के मुताबिक महापौर ने पदभार संभालने के बाद पहली फाईल नर्मदा को साफ बनाने की योजना पर की थी।
महपौर के मुताबिक नर्मदा नदी में मिलने वाले 7 नालों में 7 एसटीपी यानि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे, करीब 5 करोड़ रुपयों की लागत से पहले प्लांट का टेंडर हो गया है और अगले 10 दिनों में 4 और एसटीपी के टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। महापौर जगत बहादुर सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगले 6 माह में नर्मदा में गंदे नालों का एक बूंद भी पानी नहीं मिलने दिया जाएगा और फिर अगली दीपावली पर गौरीघाट में सवा लाख दीपक जलाकर स्वच्छ नर्मदा का उत्सव मनाया जाएगा। महापौर के इस ऐलान पर भाजपा नेता असहज दिख रहे हैं, भाजपा नेताओं ने कहा कि नर्मदा को स्वच्छ बनाने का काम आखिरकार भाजपा की राज्य और केन्द्र सरकार की राशि से ही होगा।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
