Jabalpur News : धान खरीदी केंद्रों में तहसीलदार की छापामार कार्रवाई, चार पर दर्ज हुई एफआईआर

Jabalpur News : धान खरीदी केंद्रों में तहसीलदार की छापामार कार्रवाई, चार पर दर्ज हुई एफआईआर

Jabalpur Paddy Procurement Centers : जबलपुर में छुट्टी के दिन भी अमानक धान के उपार्जन एवं भंडारण के मामले में जिला प्रशासन ने चार व्यक्तियों के खिलाफ गोसलपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। मौके से तहसीलदार ने 70 क्विंटल अमानक धान भी जप्त की है।

यह है मामला

जानकारी के मुताबिक सिहोरा तहसील के अंतर्गत ग्राम खजरी में स्थित सत्यम-शिवम वेयर हॉउस स्थित उपार्जन केंद्र में अमानक स्तर के धान का भंडारण कर सरकार को क्षति पहुंचाने के मामले में तहसीलदार सिहोरा राकेश चौरसिया ने कल रविवार की रात वेयरहाउस में छापा मारा तो देखा कि वेयरहाउस में अमानक स्तर की धान रखी जा रही थी। तहसीलदार ने चार व्यक्तियों के विरूद्ध गोसलपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

तहसीलदार सिहोरा राकेश चौरसिया ने बताया कि खजरी में सत्यम-शिवम वेयर हाउस में बैनगंगा किसान उत्पादक समिति द्वारा संचालित उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उपार्जन संस्था के संचालक अंकित पटैल द्वारा अपने भाई शुभम पटेल के माध्यम से किसान अजय पटेल एवं वेयर हाउस संचालक सत्यम पटेल के साथ अमानक धान वेयर हाउस के अंदर रखते पाये गये। रविवार होने के बावजूद इस केंद्र पर धान का उपार्जन भी किया जा रहा था। जबकि नई उपार्जन नीति में रविवार को धान का उपार्जन पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं। मौके पर निर्धारित वजन 40 किलो 580 ग्राम (धान 40 किलो एवं बोरी का वजन 580 ग्राम) की बजाय 41 किलो 160 ग्राम धान की भर्ती बोरियों में करना भी पाया गया।

उपार्जन नीति का किया उल्लंघन

तहसीलदार सिहोरा द्वारा निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस के अंदर रखी गई धान का गुणवत्ता निरीक्षक से परीक्षण भी कराया गया। परीक्षण में 70 क्विंटल धान अमानक स्तर की पाई गई। इस अमानक धान को जप्त कर कृषक शुभम पटेल के सुपुर्दगी में दे दिया गया। खुद के लाभ के लिये अमानक धान का उपार्जन कर शासन को आर्थिक हानि पहुँचाने तथा उपार्जन नीति के उल्लंघन के इस मामले में सत्यम शिवम वेयर हाउस तथा बैनगंगा किसान उत्पाद प्रो कम्पनी लिमिटेड के संचालक व प्रभारी अंकित पटेल, शुभम पटेल, अजय पटेल एवं सत्यम पटेल के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 एवं 34 के तहत थाना गोसलपुर में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews