MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

जबलपुर में नियम तोड़ने वाले डीजे संचालकों पर पुलिस की सख्ती, दो वाहन किए जब्त

तेज आवाज में डीजे चलाने वाले संचालकों के खिलाफ जबलपुर पुलिस सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में दो गाड़ियों को जब्त किया गया है। जिनसे तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे।
Jabalpur Police

जबलपुर में नवरात्रि के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जबलपुर पुलिस इसके लिए कड़क रवैया अपना रही है। हाल ही में रांझी और कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में दो गाड़ियां जब्त की गई है। रांझी पुलिस ने जहां 15 डीजे बॉक्स लगा हुआ ट्रक पकड़ा है। वहीं कैंट पुलिस ने 10 साउंड बॉक्स लगी हुई गाड़ी जब्त की है। पुलिस की ओर से ये स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया जाएगा तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पकड़े वाहन

रांझी थाना पुलिस द्वारा गोकलपुर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान सीएसपी सतीश साहू ने तेज आवाज में बज रहे डीजे पर कार्रवाई की। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ट्रक में तीन छोटे और 12 बड़े डीजे के बॉक्स लगे हुए थे। इनसे तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। जब मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने डीजे संचालक से दस्तावेज मांगे तो वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद डीजे सिस्टम और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

कैंट पुलिस ने पकड़ी गाड़ी

कैंट थाना पुलिस द्वारा भी गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई की गई है। रात 2 बजे एक वाहन जब्त किया गया है जिसमें 10 साउंड बॉक्स लगे हुए थे। पुलिस द्वारा पहले ही यह निर्देश दे दिए गए हैं कि अगर तेज आवाज में साउंड सिस्टम या डीजे का इस्तेमाल किया जाएगा तो ये बर्दाश्त नहीं होगा। नियमों के अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

Jabalpur

जारी रहेगी कार्रवाई

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश के बाद पुलिस की टीम लगातार नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए गश्त कर रही है। डीजे संचालकों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार के दौरान यदि ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाएगी तो वैधानिक कार्रवाई होगी। पुलिस की ये सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

बैठक में दी थी चेतावनी

बता दें कि नवरात्रि शुरू होने से पहले ध्वनि प्रदूषण और  सुरक्षा संबंधी नियमों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ डीजे, लाइट और साउंड संचालक भी शामिल हुए थे।  इस दौरान अधिकारियों के स्पष्ट कर दिया था कि प्रतिबंधित डीजे इस्तेमाल नहीं किए जाएंगे और साउंड सिस्टम शर्तों के अनुसार ही चलाए जाएंगे। स्वागत मंच, झांकियों और चल समारोह में स्पीकरों के बॉक्स की संख्या भी निर्धारित की गई थी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर में नियम तोड़ने वाले डीजे संचालकों पर पुलिस की सख्ती, दो वाहन किए जब्त