जबलपुर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 46 सिलेंडर किए जब्त, SP ने की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक परिसर से 46 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनमें 8 भरे हुए थे। इस बीच, जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने जिले में गैस की कमी की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि आपूर्ति सामान्य है और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
LPG Gas Cylinder

LPG Gas Cylinder

जबलपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच पुलिस और प्रशासन ने कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आज आधारताल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के परिसर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को आधारताल क्षेत्र में प्रदीप साहू नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण करने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित विभाग और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस कार्रवाई में परिसर से कुल 46 गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें से 8 सिलेंडर भरे हुए पाए गए, जबकि बाकी 38 खाली थे। प्रशासन की टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसपी ने किया अफवाहों का खंडन

जिले में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर चल रही चर्चाओं पर जबलपुर के एसपी संपत उपाध्याय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस को लेकर किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अफवाहों में आकर सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण कर रहे हैं, जिसके चलते कुछ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।

“जिले में पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता है। जो लोग कालाबाजारी करते हैं या इस अवसर पर लोगों को बरगलाने का काम करते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए टीमें निर्देशित की गई हैं।”- संपत उपाध्याय, एसपी, जबलपुर

एसपी ने आगे बताया कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने केवल कमर्शियल सिलेंडरों के उपयोग को कुछ स्थानों को छोड़कर प्रतिबंधित किया है। घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई पर कोई रोक नहीं है और यह लगातार जारी है।

पोर्टल की समस्या का हो रहा समाधान

एसपी संपत उपाध्याय ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ लोगों को ऑनलाइन पोर्टल पर बुकिंग के दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, “पोर्टल पर ओवरलोड होने की वजह से कुछ समस्याएं आई हैं, जिसका समाधान उचित स्तर पर किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी बताया कि आज कलेक्टर ने भी इस संबंध में गैस डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ एक बैठक की है ताकि आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे।

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी व्यक्ति गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण करता है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews