
जबलपुर, संदीप कुमार। जिला प्रशासन की रोक के बावजूद तिलवारा घाट पर मेले का आयोजन किया जा रहा था, झूले लगाए जा रहे थे,बाजार भी सजने लगा था, जब इस बात की जानकारी जैसे ही एसडीएम दिव्या अवस्थी को लगी तो वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंची जहां उन्होंने मेला आयोजक पर कार्यवाही की,साथ ही हिदायत दी है कि संक्रमण को देखते हुए मेले का आयोजन पूरी तरह से प्रतिबंध है, लिहाजा किसी भी घाट पर मेले का आयोजन नहीं होगा और जो आदेश के विपरीत इस तरह के कार्यक्रम करता है उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़े…Bhind news: ओला वृष्टि से बर्बाद फसल देख किसान को आया हार्ट अटैक, खेत पर ही तोड़ा दम
कोरोना संक्रमण की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर जबलपुर जिला प्रशासन ने मकर संक्रांति पर्व के दौरान होने वाले तमाम मेला और समारोह में रोक लगा दी है, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर एसडीएम-तहसीलदार लगातार उन स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं जहां पर मकर संक्रांति पर्व के समय मेलों का आयोजन होता हैं, मां नर्मदा के ग्वारीघाट, भेड़ाघाट और तिलवाराघाट में हर साल मकर संक्रांति के समय बड़े स्तर पर मेले का आयोजन होता है पर इस बार कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए घाटों पर होने वाली मेलो के आयोजन पर जिला प्रशासन ने पूरी तरह से रोक लगा दी है।

दरअसल, घाटों के सामने बैरिकेडिंग की गई है जहां पर पुलिस को भी तैनात किया गया है,एसडीएम दिव्या अवस्थी ने बताया कि नर्मदा घाट के किनारे सामूहिक स्नान पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है किसी को भी घाट तक जाने की अनुमति नहीं दी गई है, लिहाजा जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि घर पर ही रहकर मकर संक्रांति पर्व मनाए।
