जबलपुर के जिला पंचायत दफ्तर में घुसकर एक महिला अफसर के साथ मारपीट किए जाने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक युवक यहां पहुंचा और उसने महिला परियोजना प्रबंधक को गालियां दी और मारपीट पर उतारू हो गया। दफ्तर में मौजूद सहकर्मियों में महिला को बचाया और इस घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी।
यह मामला बुधवार दोपहर का बताया जा रहा है, जब युवक दफ्तर में पहुंचा और महिला अधिकारी के साथ अभद्रता करने लगा। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। जब मौके पर अन्य लोग पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया तथा पुलिस को सूचना दी। इस अफरा तफरी के बीच आरोपी युवक मौके से भाग गया।
दफ्तर में आते ही करी मारपीट
इस मामले में पुलिस को जानकारी देते हुए परियोजना प्रबंधक अंजुला झा ने बताया कि वह एक मामले में सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के खिलाफ विभागीय जांच कर रही हैं। इसी वजह से आरती उनसे नाराज चल रही है। बुधवार को अचानक आरती के पति योगेश सोनी मेरे दफ्तर पहुंचे। उन्होंने अभद्रता करते हुए शासकीय काम में बाधा डाली। विभागीय रंजिश में ये सब किया गया है।
सीसीटीवी में कैद घटना
सरकारी दफ्तर में हुआ यह घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया है। इसमें देखा जा सकता है कि अंजुला झा अपने दफ्तर में काम कर रही हैं। इस दौरान योगेश सोनी मौके पर पहुंचते हैं। योगेश अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, उनके पास जाते हैं और फिर कुर्सी पर बैठी हुई महिला अधिकारी पर थप्पड़ बरसाने लगते हैं। अन्य कर्मचारी उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं लेकिन इस बीच वह अंजुला को लात मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस कर रही तलाश
इस घटना से घबराकर परियोजना प्रबंधक अंजुला झा ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। लेकिन योगेश सोनी मौके से गायब हो गए। इस मामले में बेलबाग थाना टीआई जितेंद्र पाटकर ने बताया कि योगेश सोनी पर मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।






