सागर में जहरीली शराब से हुई मौत के मामले सामने आने के बाद अब पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेजी से की जा रही है। हर जिले में पुलिस शराब के अवैध ठिकानों पर दबिश देकर माल जब्त करने और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने का काम कर रही है। इसी कड़ी में जबलपुर पुलिस ने 60 लीटर कच्ची शराब के साथ दो युवकों को पकड़ा।
जबलपुर जिले की चरगवां थाना पुलिस ने एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जंगल से दो युवकों को 60 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवकों के पास से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी बरामद की है।
शराब बेचने जा रहे थे युवक
इस मामले में चरगवां थाना पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक देर रात मुखबिर के जरिए यह सूचना मिली थी कि इलाके में दो युवक शराब बेचने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के पास घेराबंदी की। यह दोनों युवक बाइक की दोनों तरफ कैन लटका कर बीच में सफेद बोरी रखकर बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस को देखकर यह घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, घेराबंदी कर इन्हें दबोच लिया गया।
चार कैन में मिली शराब
दोनों युवकों को पकड़ने के बाद जब तलाशी ली गई तो उनके पास 15-15 लीटर की चार कैन मिली। इसमें कुल 60 लीटर कच्ची शराब थी। पुलिस ने युवकों से एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इन्हें किया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने 30 वर्षीय विजय ठाकुर और 23 वर्षीय सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम रमपुरी के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ केस दर्ज कर अब पुलिस पूछताछ कर रही है। ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां बनाई गई और कहां सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी।






