जबलपुर की भव्य कांवड़ यात्रा, नर्मदा जल लेकर 121 किमी बांदकपुर धाम के लिए पैदल निकले शिवभक्त, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी हुए शामिल

जबलपुर में सावन के पावन महीने में भेड़ाघाट से बांदकपुर जागेश्वरनाथ मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों शिवभक्त और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी शामिल हुए। शिवभक्त मां नर्मदा का जल लेकर पैदल बांदकपुर पहुंचेंगे और भगवान जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
Jabalpur News

जबलपुर: सावन के पावन महीने में पूरा मध्यप्रदेश भगवान भोलेनाथ की भक्ति में रंगा हुआ है। जगह-जगह कांवड़ यात्राओं के जरिए शिवभक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने निकल रहे हैं। इसी कड़ी में नर्मदा तट पर बसे जबलपुर शहर में गुरुवार को भव्य और विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा माहौल शिवमय हो गया।

बता दें कि यह भव्य कांवड़ यात्रा शहर के भेड़ाघाट से शुरू हुई जो दमोह जिले में स्थित तीर्थस्थल बांदकपुर जागेश्वरनाथ शिव मंदिर में खत्म होगी। इस कांवड़ यात्रा में पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी भी शामिल हुए और भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। करीब 121 किलोमीटर लंबी इस कांवड़ यात्रा में शामिल शिव भक्त मां नर्मदा का जल लेकर चले हैं जो बांदकपुर स्थित जागेश्वरनाथ शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे।

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देगी कांवड़ यात्रा

यात्रा में शामिल हुए मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा केवल आस्था और भक्ति तक सीमित नहीं है बल्कि इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांवड़ यात्रियों द्वारा वृक्षारोपण किया जाएगा।

मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कांवड़ यात्रा के मार्ग में जिन-जिन मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर यात्रा का पड़ाव होगा, उनके विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews