जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद, छेड़खानी से रोका तो 3 बुजुर्गों पर किया जानलेवा हमला

जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद, छेड़खानी से रोका तो 3 बुजुर्गों पर किया जानलेवा हमला

Jabalpur News : जबलपुर में आज सुबह हुई एक घटना ने इस बात का प्रमाण दिया है कि बदमाशों में पुलिस ना तो कोई खौफ है और ना ही प्रदेश में महिला और बुजुर्ग सुरक्षित हैं। बेख़ौफ़ बदमाशों ने खुलेआम तीन बुजुर्गों पर तलवारों से जान लेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया, उनका कुसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने एक अच्छा शहरी होने के नाते महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी करने से दो लड़कों को रोका था। आरोपी फरार हैं पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत गुलुआ तालाब पार्क में आज सुबह छेड़खानी से मना करने पर हथियारों से लैस होकर चार से पांच युवकों ने 3 बुजुर्गों पर हमला कर दिया, इस घटना में तीनों बुजुर्गों को चोट आई है जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह पार्क में जब सभी लोग घूम रहे थे उसी दौरान दो लड़के वहां पर घूम रही महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी करने लगे, जिसका विरोध बुजुर्गों ने किया और डांट कर वहां से भगा दिया। कुछ देर बाद चार से पांच लड़के तलवारों से लैस होकर पार्क में पहुंचे और सीधे बुजुर्गों पर हमला करना शुरू कर दिया, इस दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन पर भी तलवार लहराई गई। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से आरोपी फरार हो गए।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल, सीएसपी प्रतिष्ठा राठौर और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना में बुजुर्ग अशोक सिंह, राकेश चक्रवर्ती और वीरेंद्र पटेल को चोट आई है जिनका इलाज जारी है।

उधर महापौर ने संजीवनी नगर थाना पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई न करने के चलते यहां पर बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं जिसके चलते यह घटना घटित हुई है। हालांकि महापौर का कहना है कि अब जल्दी पार्क में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

उधर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की , लोगों का गुस्सा था कि इस घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस कर्मचारियों पर भी कार्यवाही की जाए, ऐसी पुलिस किस काम की जिसका भय बदमाशों में नहीं है, इसलिए इस थाने को ही यहाँ से हटा दिया जाये।

[dgv_vimeo_video id=”827918747″]

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews