MP News : युवाओं के लिए बड़ा मौका, पावर जनरेटिंग कंपनी में 559 पदों पर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, मिलेगा 10 हजार तक स्टाइपेंड

12वीं, ITI, डिप्लोमा और स्नातक युवाओं के लिए आवेदन का अवसर, एक साल की ट्रेनिंग के दौरान 8 से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड भी मिलेगा।
Electricity

Electricity

मध्य प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षण का एक सुनहरा मौका मिलने जा रहा है, युवाओं को कौशल निखारने का ये मौका मध्य प्रदेश पावर जनरेशन कंपनी दे रही है, युवाओं को ये अवसर मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत मिल रहा है जिसके तहत कंपनी ने 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद उपलब्ध कराए हैं। रोजगार के अवसर तलाश रहे युवा इस योजना के माध्यम से पावर जनरेशन कंपनी के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्युत गृहों में एक वर्ष का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। पात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा कुल 559 प्रशिक्षण पद स्वीकृत किये गए हैं। इसमें नियुक्ति के बाद युवाओं को जबलपुर स्थित कंपनी मुख्यालय के साथ प्रदेश के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

योजना के तहत इलेक्ट्रीशियन, इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो (हिन्दी/अंग्रेजी), सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स सहित विभिन्न कार्यश्रेणियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विद्युत उत्पादन तथा कंपनी के विभिन्न कार्यक्षेत्रों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

15 अक्टूबर ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट 

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निर्धारित कार्यश्रेणी के अनुसार अभ्यर्थी का 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है।

8 से 10 हजार रुपये तक मिलेगा स्टाइपेंड

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को उनकी कार्यश्रेणी और जिले के अनुरूप कंपनी के विभिन्न विद्युत गृहों एवं कार्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने के एक माह बाद पात्र प्रशिक्षणार्थियों को 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड का भुगतान शुरू होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।

ऑनलाइन पोर्टल से करना होगा आवेदन

अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल (https://mmsky.mp.gov.in/Web/Candidate/Registration) के माध्यम से आवेदन करना होगा। पंजीयन के लिए समग्र आईडी एवं आधार की ई-केवाईसी आवश्यक है। अभ्यर्थियों को यह ध्यान रखना होगा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत उपलब्ध 559 पद प्रशिक्षण के लिए हैं। इन्हें नियमित नौकरी अथवा स्थायी रोजगार नहीं माना जाएगा। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई अथवा जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews