
Jabalpur News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जबलपुर को भी बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी कल जबलपुर में 450 करोड़ रुपयों की लागत से हुए एयरपोर्ट के विस्तारकार्य का लोकार्पण करने जा रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी कल 10 मार्च की सुबह 11 बजे जबलपुर एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग और विकासकार्यों का वर्चुअली लोकार्पण करेंगे।
एयरपोर्ट को कई अत्याधुनिक सुविधाओं से किया गया है लैस
जबलपुर का एयरपोर्ट इंदौर के बाद प्रदेश का सबसे लंबा रनवे बनाया गया है जहां इंटरनेशनल फ्लाईट्स भी सीधे लैंड कर सकेंगी। जबलपुर के इस नए एयरपोर्ट और टर्मिनल बिल्डिंग की पहली तस्वीरें दिखा रहा है। एयरपोर्ट को कई अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। दो मंजिला इस टर्मिनल बिल्डिंग को इस तरह बनाया गया है कि यात्री अब बस में जाने की बजाय टर्मिनल बिल्डिंग से सीधे अपनी फ्लाईट में एंटर हो सकेंगे। टर्मिनल बिल्डिंग में 3 एयरोब्रिज भी बनाए गए हैं। एयरपोर्ट का विस्तार 774 एकड़ जमीन पर किया गया है जिसमें पार्किंग की भी व्यापक व्यवस्थाएं की गईं हैं।
ख़ास बात ये है कि एयरपोर्ट टर्मिनल को जबलपुर ही नहीं पूरे महाकोशल अंचल में मौजूद पर्यटन स्थलों को शो-केस करते हुए तैयार किया गया है ताकि यहां आने वाले तमाम यात्री महाकोशल में पर्यटन के लिए आकर्षित हों। एयरपोर्ट के विस्तारकार्य के लोकार्पण से पहले सियासत भी गर्मा गई। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने आज सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होने लिखा कि सिर्फ बिल्डिंग से कुछ नहीं होगा जबलपुर को फ्लाईट्स और कनेक्टिविटी चाहिए।
तन्खा ने लिखा कि ग्वालियर में फ्लाईट्स की बारिश हो रही है और जबलपुर में फ्लाईट्स का अकाल पड़ गया है। जबलपुर के पूर्व सांसद और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने तन्खा के बयान पर पलटवार किया। राकेश सिंह ने कहा कि निजी कंपनियों को फ्लाईट्स चलाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता फिर भी वो इस दिशा में भी प्रयास कर रहे हैं। राकेश सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया में कोई भी टिप्पणी कर देना आसान है लेकिन जमीन पर काम करके दिखाना मुश्किल राकेश सिंह ने कहा कि अच्छी चीजों पर बड़ा दिल भी दिखाना जरुरी है। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से जबलपुर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ सकेगा।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
