प्राण प्रतिष्ठा के बाद देशभर में दीपोत्सव, 51 हजार दीपों से जगमगा उठा मां नर्मदा का तट

jabalpur news

Jabalpur News : अयोध्या में भगवान श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने पर जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित मां नर्मदा तट में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में दीपोत्सव का आयोजन किया गया, ग्वारीघाट के सभी घाटों को 51 हजार दीपों से सजाया गया जिससे पूरा नर्मदा तट श्रीराम के रंग में सज गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आह्वान पर जबलपुर की जनता ने पूरे उत्साह के साथ दीपोत्सव में शामिल होकर दीप प्रज्ज्वलित किए और पूरा नर्मदा तट जयश्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो गया। सिंह ने पूज्य संतजनों, जनप्रतिनिधियों, जबलपुर के गणमान्य जनों,पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रशानिक अधिकारियों के साथ मां नर्मदा की महाआरती की और शंखनाद के साथ ही उपस्थित जनसमुदाय ने दीपों को प्रज्वलित किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा आज अयोध्या में 500 साल के बाद भगवान श्री राम अपने मंदिर में विराजमान हुए है और इस श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आपने सीधे प्रसारण के माध्यम से देखा है।

उन्होंने कहा जब भगवान लंका विजय कर अयोध्या पहुंचे थे, तो उस समय देश में सभी लोगों ने दीपोत्सव मनाकर खुशी मनाई थी और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है आज के इस पुण्य दिवस को दीवाली की तरह मनाया जाए और हमने भी मां नर्मदा के पावन तट में जबलपुर के जनमानस के साथ दीपोत्सव मनाया है।

उन्होंने कहा आज देश के हर नागरिक के लिए उत्साह, उमंग गौरव के साथ ही भावुक भी क्षण है क्योंकि आज सैकड़ों वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान अपने भव्य भवन में विराजमान हुए है। यह हमारे पूर्वजों की तपस्या, बलिदान का प्रतिफल है क्योंकि राम मंदिर के लिए हजारों लोगों ने अपना बलिदान दिया और हम सौभाग्यशाली है कि हमने प्रभु राम को मंदिर में विराजित होते देखा है।

उन्होंने कहा जब पूरा विश्व आज अयोध्या धाम की ओर देख रहा है, राम नाम के उद्घोष से पवित्र हो रहा है, तो मां भारती की सेवा के लिए हमारा समर्पण मजबूत संकल्प में तब्दील हो रहा है। हम विविधता से परिपूर्ण होने के बावजूद एक ऐसे नेतृत्व पर एकमत होकर, एकजुट हो जाते हैं, जो हमारे भारत को विकसित भारत में तब्दील कर रहा है।

उन्होंने कहा अयोध्या धाम के परम वैभव से पहले काशी विश्वनाथ, श्री महाकाल जी में सांस्कृतिक पुनर्स्थापना के हम साक्षी बन चुके हैं। अयोध्या धाम के बाद भी यह यात्रा अनवरत जारी रहेगी और देश के सभी प्रमुख स्थलों को उनका परम वैभव प्रदान करते हुए गतिमान रहेगी। इस यात्रा का नेतृत्व पीएम मोदी कर रहे हैं और हम सभी इसमें प्रण प्राण से सहभागी बने हैं, यही हमारा सौभाग्य है। सिंह ने इस अवसर पर जबलपुर सहित मप्र के सभी निवासियों को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दी है।

प्रदूषण रहित हुई आतिशबाजी

दीपोत्सव के साथ ही नर्मदा तट में प्रदूषण रहित भव्य आतिशबाजी की गई।

संतो का सम्मान कर लिया आशीर्वाद

लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कार्यक्रम उपरांत उपस्थित संत जनों का शाल श्रीफल से सम्मान करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पूज्य संत दंडी स्वामी कालीकानंद, स्वामी गिरीशानंद, स्वामी कालीपुत्र महाराज, स्वामी रामकेशवानंद, स्वामी अशोकानंद, अनिकेत कृष्ण, सुरेंद्र दास, विधायक अभिलाष पांडे के साथ पार्टी पदाधिकारी, पार्षद एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ब्राह्मणों के साथ शंकराचार्य चौक में किया शंख नाद

अयोध्या में भगवान श्रीराम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पश्चिम विधानसभा के 21 चौराहों में एक साथ दोपहर 12:29 बजे शंखनाद किया गया, इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ब्राह्मणों के साथ शंकराचार्य चौक में शंखनाद किया, साथ ही अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण सभी ने देखा।

श्रीराम विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पश्चिम विधानसभा के 21 चौराहों में एक साथ हुआ शंखनाद

पश्चिम विधानसभा के शंकराचार्य चौक छोटी लाइन फाटक, आनंद कुंज, बीटी तिराहा, एकता चौक, गुलौआ चौक, गौतम जी मढिया, धनवंतरी नगर चौक, पिसनहरी मढिया, शास्त्री नगर चौक, गुप्ता होटल चौराहा, मदर डेयरी चौराहा शक्ति नगर, मदन महल चौक, श्री राम मंदिर चौक, शारदा चौक, कालीमठ मंदिर तिराहा, गोरखपुर गुलाटी चौक, आजाद चौक, गोरखपुर, ग्रेनीडियर चौक, आजाद चौक, रामपुर, बादशाह हलवाई मंदिर, रेत नाका ग्वारीघाट, झंडा चौक, ग्वारीघाट में एक समय पर एक साथ शंखनाद किया गया।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”905277501″]

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews