शंख, मंजीरे, घंटों के साथ आखिर क्यों करना पड़ी ग्रामीणों को 40 किलोमीटर की पद यात्रा? सामने आई बड़ी वजह

ग्रामीणों ने कहा कि हमें से सबने ठगा है, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान सबन वादा किया था कि सिहोरा जिला बनेगा लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ।  
Jabalpur News

अक्सर चुनावों में नेता बड़े बड़े वादे करते हैं फिर सरकार बनने के बाद उनमें से कितनों पर अमल हुआ कितनों पर नहीं ये उन्हें याद नहीं रहता लेकिन ये पब्लिक सब जानती है सब याद भी रखती है, ऐसी ही पब्लिक ने आज 40 किलोमीटर की दूरी तय कर सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के बाहर एक अनोखा प्रदर्शन किया।

जबलपुर जिले के सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर 40 किलोमीटर दूर से आए लोगों ने भाजपा के संभागीय कार्यालय के बाहर अनोखा प्रदर्शन किया। हाथों में घंटा और मंजीरा और शंख बजाते हुए ग्रामीण भाजपा कार्यालय पहुंचे। सिहोरा वासियों ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिहोरा विधानसभा से विधायक संतोष बरकड़े के पोस्टर लगाए और फिर उन्हें उनका वादा याद दिलाया।

आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के नेताओं ने सिहोरा को जिला बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन जैसे ही चुनाव जीत गए तो अपने वादों को भूल गए। इसी वजह से आज सिहोरा के लोग घंटा, शंख और मंजीरा लेकर भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचे हैं और उन्हें उनका वादा याद दिलाया जा रहा है।

…तब इसलिए जिला बनते बनते रह गया सिहोरा  

सिहोरा निवासी अनिल जैन ने बताया कि 2001 में मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का जब कटनी से होते हुए जबलपुर दौरा था, तब उन्होंने सिहोरा को जिला बनाने का वादा भी किया था, कार्रवाई भी पूरी हो चुकी थी, पर जब 2003 में चुनावी आचार संहिता लगने के कारण अंतिम अधिसूचना जारी नहीं हो पाई और सिहोरा जिला बनते-बनते रह गया। 2003 के बाद से लगातार सिहोरा के रहवासी जिला बनाए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

BJP ऑफिस पर ग्रामीणों ने बजाये शंख, मंजीरे, घंटे   

शुक्रवार को भाजपा संभागीय कार्यालय पहुंचे सिहोरा के रहवासियों ने शंख,घंटा और मंजीरे बजाकर भाजपा सरकार को जगाने का प्रयास किया है। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग और बातों को राजधानी तक पहुंचाया जाएगा।

दिग्विजय, उमा भारती, बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह सबने तोड़ा वादा  

सिहोरा से जबलपुर पहुंचे अनिल जैन ने कहा कि सन 2003 में पूर्व मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी, जिसके बाद प्रक्रिया भी शुरू हो गई, लेकिन आज तक जिला के रूप में क्रियान्वयन नहीं हो पाया। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बाद, उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा था कि जल्द ही सिहोरा को जिला बनाया जाएगा, पर आज तक कुछ नहीं हुआ।

स्मृति ईरानी ने किया था वादा, विधायक जीत गए वादा भूल गए  

उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव के समय विधायक संतोष बरकड़े के समर्थन में सिहोरा पहुंची स्मृति ईरानी ने एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए वादा किया था कि अगर सिहोरा विधानसभा से हमारा प्रत्याशी जीतकर विधायक बनता है, तो जरूर सिहोरा जिला बनेगा। पर बरकड़े को भी विधायक बने दो साल से अधिक का समय बीत गया है, और उनका वादा भी झूठा साबित हुआ।

[dgv_vimeo_video id=”1100602673″]

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट  

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews