
Jabalpur News : जबलपुर में मामूली बात को लेकर अचानक ही विवाद के चलते छात्र संघ के दो गुट आमने-सामने आ गए। कुछ देर में दोनों ही छात्र संघ के लड़कों ने एक-दूसरे के ऊपर पथराव करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सहित ओमती, घमापुर और कैंट थाना पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा और हंगामा करने वाले छात्रों को वहां से भगाया। मिली जानकारी के अनुसार, कुर्सी को लेकर विवाद हुआ था।
आधा दर्जन से अधिक छात्र घायल
बता दें कि इस घटना में करीब आधा दर्जन से अधिक छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्रों को मौके से भगा दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है लेकिन आसपास में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है।
अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज
इसी बीच छात्रों के द्वारा किए गए पथराव का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है। दरअसल, कुछ दिनों बाद छात्र संघ का चुनाव हो सकता है। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि छात्र गुट के लोग अपनी ताकत को आजमा रहे हैं। फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदीप कुमार, जबलपुर
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

