
झारखंड के कक्षा 10वीं (माध्यमिक) और 12वीं (इंटरमीडिएट) के लिए काम की खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची ने 10वीं-12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने का शेड्यूल जारी कर दिया है।
शेड्यूल के मुताबिक, आवेदन भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू होगी। बिना विलंब शुल्क के फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 तय की गई है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन फॉर्म भरने की तारीख 27 नवंबर से 4 दिसंबर निर्धारित की गई है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र संबंधित स्कूल या कॉलेज के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा फॉर्म JAC की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से भरे जाएंगे।
कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए अलग-अलग परीक्षा फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं। फॉर्म में नियमित छात्रों के साथ निजी और पूर्व छात्रों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियां दी गई हैं। इस साल झारखंड मैट्रिक और इंटरमीडिएट में करीब 7.50 लाख के आसपास छात्रों के शामिल होने का अनुमान है।
फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
- 10वीं के छात्रों का विवरण 9वीं की मार्कशीट से मिलना चाहिए।
- 3 महीने के अंदर की नई फोटो लगानी होगी।
- फोटो और हस्ताक्षर तय जगह के अंदर ही होने चाहिए।
- भरी जानकारी का मिलान LOS (List of Students) डेटा से किया जाएगा।
- इस बार JAC बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए स्कूल / कॉलेज में 75% उपस्थिति अनिवार्य की है।
फरवरी 2027 में परीक्षा संभव, डेटशीट का इंतजार
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से JAC बोर्ड परीक्षा की तारीखों का अभी ऐलान नहीं किया गया है, हालांकि संभावित तारीख 5 फरवरी बताई जा रही है। परीक्षा की सही तारीखों की जानकारी आधिकारिक डेटशीट जारी होने के बाद ही मिलेगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।
कैसे भर सकेंगे फॉर्म
- सबसे पहले JAC की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in पर जाएं।
- अब वेबसाइट पर दिए गए ‘Downloads and Web Notice’ सेक्शन को खोलें।
- कक्षा 10वीं के लिए माध्यमिक (Secondary) और कक्षा 12वीं के लिए इंटरमीडिएट (Intermediate) परीक्षा फॉर्म चुनें।
- अपनी श्रेणी के अनुसार सही फॉर्म डाउनलोड करें – रेगुलर / प्राइवेट / एक्स-स्टूडेंट।
- फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी ध्यानपूर्वक भरें।
- 10वीं के छात्र 9वीं की मार्कशीट के अनुसार ही नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि भरें।
- भरा हुआ फॉर्म, फोटो और हस्ताक्षर के साथ अपने स्कूल / कॉलेज में जमा करें।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

