सेंसेक्स में 1500 अंक की छलांग, निफ्टी 400 अंक चढ़ा, अमेरिकी चुनाव के नतीजों और कच्चे तेल की गिरावट से भारतीय शेयर बाजार में तेजी

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी रही। बता दें आज गुरुवार को सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,500 अंक तक उछल गया, जबकि निफ्टी भी 400 अंक चढ़कर 24,400 के पार पहुंच गया।
सेंसेक्स में 1500 अंक की छलांग, निफ्टी 400 अंक चढ़ा, अमेरिकी चुनाव के नतीजों और कच्चे तेल की गिरावट से भारतीय शेयर बाजार में तेजी

भारतीय शेयर बाजार में आज गुरुवार 5 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली है। दरअसल कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1500 अंक यानी 1.90% उछलकर 78,800 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी में करीब 400 अंक यानी 1.80% की बढ़त दर्ज की गई और यह 24,400 के पार निकल गया। बाजार में लगातार छठे कारोबारी दिन तेजी रही है। 28 अक्टूबर से अब तक सेंसेक्स 5500 अंकों से ज्यादा चढ़ चुका है।

बाजार में तेजी की बड़ी वजहें

दरअसल अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा और डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल कर लिया। इससे ट्रम्प की नीतियों और फैसलों पर अंकुश लगने की संभावना जताई जा रही है। युद्ध बजट और ईरान के साथ जारी तनाव को लेकर उनके फैसलों पर भी असर पड़ सकता है।

वहीं इसके अलावा टैरिफ और ट्रेड वॉर को लेकर बनी अनिश्चितता कम होने की उम्मीद से बाजार को समर्थन मिला। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 94 डॉलर और WTI क्रूड करीब 87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। दोनों की कीमतें करीब दो महीने के निचले स्तर पर हैं। भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए कीमतों में गिरावट से देश के आयात बिल पर दबाव कम हो सकता है।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी समर्थन मिला

बाजार को सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों और विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी समर्थन मिला। रिलायंस, इन्फोसिस और TCS जैसे बड़े शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं अमेरिकी चुनाव के नतीजों के बाद डॉलर में कमजोरी आने की उम्मीद जताई जा रही है जिससे उभरते बाजारों में विदेशी निवेश बढ़ सकता है। FII/FPI ने पिछले 7 कारोबारी दिनों में भारतीय बाजार में 20,834 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है जबकि इसी दौरान DII ने 8,601 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की।

6 दिन में सेंसेक्स 5,500 अंक से ज्यादा चढ़ा

दरअसल शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला 28 अक्टूबर से जारी है। उस दिन सेंसेक्स 73,246 के स्तर पर था, जो अब बढ़कर करीब 79,000 तक पहुंच गया है। इस तरह छह कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में 5,500 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। वहीं इससे पहले 15 अक्टूबर को सेंसेक्स में एक दिन में 1,533 अंकों की तेजी आई थी। वहीं 8 अप्रैल को सेंसेक्स 2,946 अंक उछला था, जो इस साल की अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त रही।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews