
एक्सिस बैंक के ग्राहकों के लिए अपडेट सामने आई है। बैंक (Axis Bank) ने इमीडिएट पेमेंट सर्विस (IMPS) से संबंधित बड़े बदलाव की घोषणा की है। एक लाख रुपये से अधिक के ट्रांजेक्शन के लिए शुल्क में वृद्धि की गई है। हालांकि कुछ खातों पर छूट भी दी गई है। बैंक द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक आईएमपीएस शुल्क के लिए नया ट्रैफिक स्ट्रक्चर 30 नवंबर 2026 से लागू होगा।
वर्तमान में बैंक एक लाख रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक के ट्रांजेक्शन के लिए हर लेनदेन पर 10 शुल्क वसूलता है। जिसमें अब 5 रुपये की वृद्धि की गई है। अब हर ट्रांजेक्शन पर 15 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा।
एक लाख रुपये से कम की राशि के लिए बदलाव नहीं
एक लाख रुपये से कम की राशि के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। बैंक 1000 रुपये तक के ट्रांजरक्शन वैल्यू पर 2.5 रुपये चार्ज लगाता है। वहीं 1,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक के ट्रांजेक्शन पर 5 रुपये शुल्क बरकरार रहेगा। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी फीस और चार्ज में टैक्स को नहीं जोड़ा गया है। टैरिफ स्ट्रक्चर में बताए गए शुल्क लागू होने पर जीएसटी भी लगेगा।
इन खातों पर मिलेगी छूट
कुछ सेविंग्स अकाउंट के लिए आईएमपीएस का नया शुल्क लागू नहीं होगा। इस लिस्ट में बेसिक सेविंग्स डिपॉजिट अकाउंट को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा बरगंडी प्राइवेट सेविंग्स अकाउंट, बरगंडी सेविंग अकाउंट, प्रायोरिटी सेविंग अकाउंट, प्रेस्टीज सेविंग्स अकाउंट, संपन्न सेविंग्स अकाउंट, सीएमएस एनआरआई अकाउंट्स, फॉरेन करंसी अकाउंट, स्टाफ अकाउंट के लिए भी नियम लागू नहीं होंगे। इसके अलावा ट्रस्ट, संगठन, समिति और क्लब अकाउंट्स पर भी छूट दी गई है।
IMPS के बारे में जानें
आईएमपीएस एक रियल टाइम मनी ट्रांसफर प्लेटफॉर्म है। जिसका संचालन नेशनल पेमेंट्स कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया (NPCI) द्वारा किया जाता है। इस सर्विस के जरिए कुछ सेकंड में ही एक खाते से दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं। हालांकि इसकी निर्धारित लिमिट प्रतिदिन अधिकतम 5 लाख रुपये होती है। एक्सिस बैंक एसएमएस के जरिए भी आइएमपीएस ट्रांसफर को अनुमति देता है। इसके अलावा एटीएम, इंटरनेट बैंकिं औरग मोबाइल बैंकिंग के जरिए सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।

