नशे के खिलाफ छतरपुर पुलिस की कार्रवाई, 40 किलो से अधिक गांजा किया जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुये 40 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को भी दबोचा है।
Chhatarpur News

छतरपुर: मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी बीच, छतरपुर जिले में कोतवाली पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक कार से 40 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को भी दबोचा है।

बता दें कि जिले की कोतवाली पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर घेराबंदी कर एक हुंडई वरना कार की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को कार से गांजे की खेप बरामद हुई। जब्त गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर से मिली गांजा तस्करी की सूचना

पुलिस के अनुसार, बीती रात कोतवाली पुलिस की टीम हाईवे पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर अवैध गांजे की तस्करी की जाने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों को दबोचने की रणनीति तैयार की।

पुलिस ने हाइवे पर अपना जाल बिछाया और बताये गये स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम बुंदेलखंड रेस्टोरेंट के पास पहुंची, जहां संदिग्ध हुंडई वरना कार दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार को रोका और उसकी तलाशी ली।

कार से गांजे के 46 पैकेट बरामद, वजन 40 किलो से अधिक

पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी लेने पर कुल 46 पैकेट बरामद हुये। जब पैकेटों को खोला तो उसमें से 40 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही छत्तीसगढ़ नंबर की हुंडई वरना कार भी जब्त की गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र नायक और जयपाल सिंह परमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews