रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 लोगों के सवार होने की खबर, खराब मौसम के कारण संपर्क टूटा

रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। खराब मौसम के कारण विमान का संपर्क टूट गया था और इसमें सात लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है।
Air Ambulance

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस चतरा जिले में क्रैश हो गई है। विमान का मलबा सिमरिया थाना क्षेत्र के कथियातु में पाया गया। इस विमान में सात लोगों के सवार होने की खबर है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह खराब मौसम को बताया जा रहा है।

पहले यह जानकारी सामने आई थी कि एयर एंबुलेंस पलामू-लातेहार के बीच कहीं लापता हो गई है, लेकिन बाद में चतरा में इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई। विमान को रात में दिल्ली पहुंचना था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया।

उड़ान के 24 मिनट बाद टूट गया था संपर्क

जानकारी के अनुसार, इस चार्टर्ड एंबुलेंस ने रांची एयरपोर्ट से रात 7 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के ठीक 24 मिनट बाद, रात 7 बजकर 34 मिनट पर इसका एटीसी से संपर्क टूट गया।

प्रक्रिया के तहत, रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद विमान का संपर्क अगले स्टेशन को सौंप दिया गया था, लेकिन वाराणसी एयर कंट्रोल से इसका संपर्क स्थापित ही नहीं हो पाया। इसके बाद से ही विमान के लापता होने की आशंका जताई जा रही थी। विमान ने दोबारा रांची एयरपोर्ट से भी संपर्क साधने की कोई कोशिश नहीं की, जिससे किसी गंभीर अनहोनी का अंदेशा बढ़ गया था।

खराब मौसम बना हादसे की वजह?

जिस वक्त विमान ने उड़ान भरी, उसके कुछ ही देर बाद मौसम खराब हो गया था। माना जा रहा है कि खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पायलट विमान पर नियंत्रण खो बैठा होगा, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews