अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं और भर्ती का इंतजार कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद लाभदायक है। दरअसल बिहार में 10वीं पास युवाओं के लिए ऑफिस अटेंडेंट के पदों पर 2000 से ज्यादा भर्ती की जा रही है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह भर्ती बिहार कर्मचारी चयन आयोग द्वारा की जा रही है जिसमें ऑफिस अटेंडेंट और परिचारी के रिक्त पदों को भरा जाएगा। आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

जानकारी दे दें कि इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 नवंबर रखी गई है जबकि फॉर्म पूरा भरकर सबमिट करने की अंतिम तारीख 24 नवंबर रखी गई है। यानी आप 21 नवंबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं और इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन आधिकारिक वेबसाइट onlinebssc.com पर ही किए जा सकेंगे।

जरूरी योग्यता पर नजर डालें

सबसे पहले योग्यता पर नजर डालें तो बता दें कि पदों पर आवेदन करने के लिए योग्यता बेहद ही सरल रखी गई है। उम्मीदवार के पास सिर्फ दसवीं पास या मैट्रिक पास डिग्री होना चाहिए। इस भर्ती में कम पढ़े-लिखे युवाओं को भी मौका मिलेगा।

उम्र सीमा कितनी रखी गई है?

इसके अलावा उम्र सीमा पर नजर डालें तो बता दें कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की उम्र सीमा कैटेगरी के अनुसार निर्धारित की गई है। अनारक्षित वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष होनी चाहिए जबकि पिछड़ा, अति पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित महिलाओं के लिए यह उम्र सीमा 40 वर्ष रखी गई है। वहीं एसटी-एससी उम्मीदवारों के लिए 42 वर्ष अधिकतम उम्र सीमा रखी गई है। इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।

कितना है आवेदन शुल्क?

अब आवेदन शुल्क की बात की जाए तो बता दें कि अनारक्षित, ओबीसी और बिहार के बाहर के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 540 रुपए रखा गया है। जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क मात्र 135 रुपए अनिवार्य किया गया है। आप आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।

यहां जानिए कैसे कर सकते हैं आवेदन?

अगर आप भी इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं तो बता दें कि आपको सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट onlinebssc.com पर जाना होगा जहां आपको रजिस्ट्रेशन लिंक दिखाई देगी। इस रजिस्ट्रेशन फॉर्म में आपको अपनी कैटेगरी के अनुसार एप्लीकेशन फीस जमा करनी होगी और लॉगिन करने के बाद बाकी डिटेल भरकर फॉर्म को सबमिट करना होगा। याद रखें कि फॉर्म सबमिट करने के बाद इसे डाउनलोड करना न भूलें और भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।