गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने स्टेशन कंट्रोलर/ट्रेन ऑपरेटर, जूनियर इंजीनियर और मेंटेनर पदों पर भर्ती (GMRCL Recruitment 2926) निकाली है। जिससे संबंधित नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। 29 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://www.gujaratmetrorail.com/ पर जाकर 28 मई 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। इससे पहले सभी उम्मीदवारों को अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी जाती है।
फॉर्म भरने के लिए अनारक्षित पुरुष उम्मीदवारों के लिए 600 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं एससी/एसटी/SEBC/ईडब्ल्यूएस/महिला/ एक्स सर्विसमैन के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। फीस पेमेंट की अंतिम तारीख 31 मई 2026 है।
रिक्त पदों की संख्या
रिक्त पदों की संख्या कुल 383 है। वैकेंसी को अलग अलग पोस्ट के हिसाब से विभाजित किया गया है। स्टेशन कंट्रोलर यानी ट्रेन ऑपरेटर के लिए 89, जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल के लिए चार, जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रॉनिक के लिए 38, मेंटेनर फिटर के लिए 22, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिकल के लिए 129 और मेंटेनर इलेक्ट्रॉनिक के लिए 101 पद खाली हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
विभिन्न पदों के लिए योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। स्टेशन कंट्रोलर और जूनियर इंजीनियर पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधी क्षेत्र में इंजीनियरिंग डिप्लोमा की योग्यता होनी चाहिए। वही मेंटेनर पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों का दसवीं पास होने के साथ-साथ संबंधित ट्रेड में 2 वर्षीय आईटीआई की योग्यता भी होना भी जरूरी है।
स्टेशन कंट्रोलर/ ट्रेन ऑपरेटर और जूनियर इंजीनियर पदों के लिए निर्धारित आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष अधिकतम 28 वर्ष है। मेंटेनर पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष है। आरक्षित कैटेगरी के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, साइको एप्टीट्यूड टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और नॉन मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा। साइको एप्टीट्यूड टेस्ट केवल स्टेशन कंट्रोलर/ ट्रेन ऑपरेटर पदों के लिए आयोजित किया जाएगा।
स्टेशन कंट्रोलर/ ट्रेन ऑपरेटर और जूनियर इंजीनियर पर नियुक्ति के बाद 2 साल की ट्रेनिंग के दौरान 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। वही ट्रेनिंग खत्म होने के बाद 20,000 रुपये प्रतिमाह होगा। मेंटेनर पद पर नियुक्ति के बाद 2 साल तक 14,000 रुपये वेतन मिलेगा। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद वेतन 16,000 रुपये प्रतिमाह होगा।






