कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 के लिए विभागवार और पदवार संभावित रिक्तियों का ब्योरा जारी कर दिया है। शुरुआत में इस भर्ती के माध्यम से लगभग 12,256 पदों की संभावना जताई गई थी, लेकिन संशोधित सूची में पदों की संख्या 10,731 तय की गई है।
इनमें 4,412 पद अनारक्षित, 1,715 अनुसूचित जाति, 804 अनुसूचित जनजाति, 2,772 अन्य पिछड़ा वर्ग और 1,028 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये रिक्तियां संभावित हैं और अंतिम रिक्तियों की संख्या अलग हो सकती है।
ये भी पढ़ें
प्रमुख पद और विभाग
- इंस्पेक्टर (सेंट्रल एक्साइज/CBIC): 2,450 सीटें
- टैक्स असिस्टेंट (CBIC/CBDT): 1,820 सीटें
- असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO-CSS): 1,150 सीटें
- ऑडिटर (CAG/CGDA): 980 सीटें
- एग्जामिनर/प्रिवेंटिव ऑफिसर: 640 सीटें
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड में सबसे अधिक 2,366 पद केंद्रीय उत्पाद शुल्क निरीक्षक के हैं। आयकर निरीक्षक के 595, केंद्रीय सचिवालय सेवा में सहायक अनुभाग अधिकारी के 668, कर सहायक के 1,400 और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड में कर सहायक के 841 पद शामिल हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक कार्यालय में राज्य संवर्ग के सहायक लेखा अधिकारी के 504, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के 504 पद और केंद्रीय संवर्ग के सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के 513 पद निर्धारित किए गए हैं।
30 सितंबर से एसएससी सीजीएल परीक्षा
बता दें कि कर्मचारी चयन आयोग द्वारा संयुक्त स्नातक स्तरीय कंप्यूटर आधारित टियर-1 परीक्षा 30 सितंबर से 30 अक्टूबर के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 30.94 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। आयोग ने एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है और एडमिट कार्ड एक-दो दिन में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (ssc.gov.in) पर उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां से निर्धारित लॉगिन मॉड्यूल के जरिए डाउनलोड किया जा सकेगा।
प्रवेश पत्र में अभ्यर्थी और परीक्षा का नाम, पंजीकरण संख्या, परीक्षा की तारीख, केंद्र का पता, पाली और निर्देश, रिपोर्टिंग समय, प्रवेश बंद होने का समय, अभ्यर्थी की तस्वीर और अन्य विवरण की जानकारी दी जाएगी। यदि प्रवेश पत्र में किसी भी जानकारी में गलती है तो अभ्यर्थी संबंधित एसएससी प्राधिकरण से आधिकारिक माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
4 पाली में होगी परीक्षा, कुल प्रश्न 100
परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन 4 पालियों में करवाया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक, दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:45 से दोपहर 12:45 बजे तक, तीसरी पाली की परीक्षा अपरान्ह 2:30 से 3:30 बजे तक और चौथी पाली की परीक्षा शाम 5:15 से 6:15 तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में कुल 100 प्रश्न (200 अंक) होंगे और समय 1 घंटा रहेगा। प्रश्न पत्र में जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग से 25, जनरल अवेयरनेस से 25, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से 25 और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंसन से 25 सवाल पूछे जायेंगे। प्रश्न पत्र हल करने के लिए उम्मीदवारों को 1 घंटा प्रदान किया जायेगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जायेंगे वहीं गलत उत्तर देने पर 0.5 अंक की कटौती की जाएगी। इस बार अभ्यर्थियों को हर सेक्शन के लिए 15 मिनट का फिक्स सेक्शनल टाइमर मिलेगा। समय पूरा होते ही सेक्शन अपने आप सबमिट हो जाएगा और उम्मीदवार पुराने सेक्शन में वापस नहीं जा सकेंगे।