सीएम डॉ मोहन यादव ने शहीद प्रदीप पटेल को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा, अंत्येष्टि में शामिल हुए वीडी शर्मा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में राष्ट्रहित में अपनी देह समर्पित करने से बेहतर सौभाग्य कुछ नहीं होता। जन्म-मृत्यु के क्रम में देश पर शहीद होने वालों को विशेष सम्मान के साथ देखा जाता है।
CM Dr Mohan Yadav paid tribute to martyr Pradeep Patel

CM Dr Mohan Yadav paid tribute to martyr Pradeep Patel : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिक्किम के पाक्योंग में शहीद हुए कटनी जिले के ग्राम हरदुआ निवासी मां भारती के वीर सपूत प्रदीप पटेल की पार्थिव देह को आज खजुराहो एयरपोर्ट पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद श्री पटेल को गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम विदाई दी गई।

परिजनों को एक करोड़ रुपये सम्मान निधि देने की घोषणा  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्र की सेवा में समर्पित शहीद प्रदीप पटेल के अद्वितीय योगदान एवं समर्पण के लिए यह देश उनका सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद श्री पटेल के माता-पिता को राज्य शासन की ओर से एक करोड़ रूपए की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। शहीद श्री पटेल अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, उनकी बड़ी बहन का विवाह हो चुका है और परिवार में सिर्फ माता-पिता है।

राष्ट्रहित में अपनी देह समर्पित करने से बेहतर सौभाग्य कुछ नहीं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में राष्ट्रहित में अपनी देह समर्पित करने से बेहतर सौभाग्य कुछ नहीं होता। जन्म-मृत्यु के क्रम में देश पर शहीद होने वालों को विशेष सम्मान के साथ देखा जाता है। राज्य सरकार इस कष्ट के समय में, पीड़ा और आघात की स्थिति से गुजर रहे शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के वीर सपूत प्रदीप पटेल सेना के साथियों के साथ 700 मीटर गहरी खाई में गिरे। दुर्घटना में दुर्भाग्यवश सभी का देवलोक गमन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में दिवंगत उनके सभी साथियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

वीडी शर्मा अंत्येष्टि में हुए शामिल, परिजनों को दी सांत्वना 

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा अपने संसदीय क्षेत्र के लाल को अंतिम विदाई देने उनके गाँव पहुंचे, उन्होंने X पर लिखा – कटनी जिले के ग्राम हरदुआ की माटी के लाल, भारतीय सेना के वीर जवान प्रदीप पटेल के गृहग्राम में उनकी अंत्येष्टि में सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकाकुल परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। माँ भारती की सेवा में वीर जवान का अतुलनीय योगदान सदा याद किया जाएगा। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दिवंगत वीरात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें एवं शोकमय परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews