कटनी BJP नेता हत्या मामला, टीआई एवं आरक्षक लाइन अटैच, प्रभारी मंत्री उदय प्रताप ने परिजनों को बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलते ही BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर ना बख़्शे जाना की बात कही थी।
Katni BJP leader murder case

कटनी के कैमोर में हुई BJP नेता (पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष) नीलेश रजक की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सख्ती के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गये और उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया, उधर  शुरूआती जाँच के बाद  टीआई कैमोर अरविंद चौबे और पुलिस आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर कटनी जिले के कैमोर में हुई घटना पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कटनी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए थे जिसके बाद पुलिस ने आज बुधवार की सुबह दोनों आरोपियों को कजरवारा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार को BJP नेता की गोली मारकर की थी हत्या 

डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा पूरे समय विजयराघवगढ़ में मौजूद रहकर कानून व्यवस्था पर नाजर राखी और शांति व्यवस्था कायम की।  बता दें मंगलवार को दो पक्षों के विवाद में कैमोर निवासी भाजपा नेता नीलेश रजक की दो आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसकी तलाश में पुलिस ने मशक्कत की और फिर दोनों को पकड़ लिया।

टीआई एवं आरक्षक लाइन अटैच 

वरिष्ठ अधिकारियों ने  पूरे मामले के बाद टीआई कैमोर अरविंद चौबे और पुलिस आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की थी।  इसी दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों अकरम और प्रिंस जोसेफ के कजरवारा में होने की जानकारी मिली थी , पुलिस जब गिरफ्तार करने गई तो इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायर किया, पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जबलपुर रवाना किया गया।

प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह परिजनों से मिले 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को कैमोर पहुँच कर मृतक नीलेश रजक के परिवार से मुलाकात की और शोक संवेदना प्रकट कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश है कि मध्यप्रदेश में किसी भी आपराधिक गतिविधि को सरकार बर्दाश्त नहीं करेंगी। अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों को दण्डित किया जायेगा। पुलिस अपना कार्य कर रही है, गुनहगारों का जीवन सलाखों के पीछे बीतेगा।

विजयराघवगढ़ व कैमोर में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती

कैमोर में हुई हत्या की वजह से जनहानि और लोकपरिशांति भंग होने की संभावना के मद्देनजर थाना विजयराघवगढ़ एवं थाना कैमोर के संपूर्ण क्षेत्र में शांति व्यवस्था की दृष्टि से निषेधात्मक आदेश लागू किया गया है। जिला प्रशासन ने विजयराघवगढ़ व कैमोर दोनों स्थानों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की।

वीडी शर्मा ने दी थी सख्त चेतावनी

घटना की जानकारी मिलते ही BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर ना बख़्शे जाना की बात कही थी। शर्मा ने इस गंभीर विषय पर तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा की और उन्हें पूरी स्थिति की जानकारी दी थी साथ ही डीजीपी, जिला प्रशासन और कटनी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात कर आरोपी पर सख़्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही थी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस द्वारा आरोपियों को चिन्हित कर लिया और इनमें से एक आरोपी प्रिंस जोसफ के पिता ने कल ही अपने ही घर में फांसी लगा ली थी।

Katni BJP leader murder case
कटनी से वंदना तिवारी की रिपोर्ट

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews