कटनी के प्रधान आरक्षक रचित बिल्थरिया ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट पर पहुंचे, KBC में पहुंचने वाले जिले के पहले शख्स

रचित ने केबीसी में हिस्सा लेकर 6,40,000 रुपये के सवाल का सही जवाब देकर कटनी पुलिस और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कटनी पुलिस अधीक्षक को दिया है। एसपी ने भी रचित की इस उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
Kaun Banega Crorepati Rachit Bilthariya

Rachit Bilthariya Reaches KBC Hot Seat : कटनी जिले के एसपी ऑफिस में तैनात प्रधान आरक्षक रचित बिल्थरिया ने एक नई मिसाल कायम की है। रचित ने देश के सबसे बड़े क्विज शो “कौन बनेगा करोड़पति” में हिस्सा लेकर न सिर्फ कटनी पुलिस का, बल्कि जिले का नाम भी पूरे देश में रोशन किया है। इस शो में उन्होंने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने 6,40,000 रुपये के सवाल का सही जवाब दिया।

रचित बिल्थरिया रेडियो विभाग में पदस्थ हैं और उनकी इस उपलब्धि ने कटनी पुलिस के साथ-साथ पूरे जिले को गर्व महसूस कराया है। रचित अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कटनी पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन को देते हैं। उन्हें आज टीवी पर कौन बनेगा करोड़पति क्विज़ शो में देखा जा सकता है।

कटनी के रचित KBC की हॉट सीट पर पहुंचे

यह कटनी जिले के लिए एक ऐतिहासिक पल है क्योंकि यह ऐसा पहला मौका है जब जिले से कोई व्यक्ति कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुंचा है। रचित के पिता राजेंद्र बिल्थरिया भी पुलिस विभाग में 38 साल तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे हाल ही में जबलपुर से पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं। बचपन से ही अपने पिता को पुलिस में देखकर रचित ने भी इसी दिशा में करियर बनाने का निर्णय लिया था। आज वह कटनी एसपी कार्यालय के रेडियो विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसी के साथ अपने पढ़ने की आदत और जनरल नॉलेज के दम पर वो कौन बनेगा करोड़पति के मंच तक पहुंचे हैं।

कटनी पुलिस अधीक्षक ने की सराहना

कटनी पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने रचित की इस अद्वितीय उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा है कि विभाग में ऐसी विलक्षण प्रतिभाओं को संवारने के लिए कटनी पुलिस निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि कटनी पुलिस लाइन में एक लर्निंग सेंटर की स्थापना की गई है, जहां पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। रचित की इस सफलता पर कटनी पुलिस के सभी अधिकारी और कर्मचारी खुशी से सराबोर हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और अन्य विभागीय कर्मचारियों ने रचित को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।

कटनी से अभिषेक दुबे की रिपोर्ट

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews