खंडवा में CAA और NRC के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव

खंडवा में CAA और NRC के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव

खंडवा| नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में विरोध तेज होता जा रहा है, दिल्ली में उग्र प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश में भी विरोध की आग फैलती जा रही है| एहतियातन कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है और धारा 144 लागू कर दी गई है| इस बीच खंडवा में NRC और CAA के विरोध में हंगामा हो गया, लोगों ने नारेबाजी की, जब पुलिस ने रोका तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया|

सुबह करीब 11 बजे से ईदगाह मैदान पर मुस्लिम समुदाय द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी मात्रा में पुलिसबल तैनात रहा। प्रदर्शन के समापन के बाद लौट रहे समाज के कुछ युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस की सख्ती के बावजूद जुलूस धारा 144 का उल्लंघन करते हुए निकाला।

जब युवाओं को पुलिस ने रोक्नने की कोशिश की तो कानून के विरोध की तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए इमलीपुरा से बड़ा बम की ओर जुलूस लेकर पहुंचे। यहां पुलिस द्वारा रोके जाने पर युवाओं ने पथराव शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर यहां भारी पुलिसबल पहुंचाया गया। मौके पर सीएसपी ललित गठरे और एसडीएम संजीव पांडे सहित अन्य अधिकारी मोर्चा संभाले हुए है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews