खंडवा: छात्रावास के खाने में निकली इल्लियां, थाली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, जांच के आदेश

खंडवा के छात्रावास में रहने वाले छात्र अपने भोजन की थाली लेकर कलेक्ट्रेट तक रैली निकालते दिखाई दिए। दरअसल इनके भोजन में इल्लियां निकली थी और इन्होंने वार्डन और छात्रावास कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार की शिकायत भी की है।
Khandwa

खंडवा के एक बालक छात्रावास में बच्चों को परोसे गए भोजन में इल्लियां मिलने की जानकारी सामने आई है। दरअसल, यह छात्र जब भोजन कर रहे थे तब उन्हें अपने खाने में कीड़े और इल्ली दिखाई दी। इसके बाद वह अपने हाथों में थालियां लेकर छात्रावास से कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

आक्रोशित छात्रों का यह कहना है कि इस तरह की स्थिति महीने में तीन से चार बार सामने आती है और शिकायत करने के बावजूद भी इसका समाधान नहीं किया जाता। कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों ने कर्मचारी और वार्डन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर छात्रावास भेजने के निर्देश दिए हैं।

रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र

भोजन की गुणवत्ता और कथित अभद्र व्यवहार से नाराज यह छात्र अपने हॉस्टल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालते हुए पहुंचे। अपने हाथों में थालिया लेकर इन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी की और शिकायत का ज्ञापन सौंप भोजन की गुणवत्ता सुधारने और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

भोजन में निकली इल्लियां

छात्रों ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें दाल चावल परोसे गए थे। भोजन करते समय दाल में इल्लियां नजर आई। छात्रों का कहना है कि कर्मचारी को मालूम था कि अनाज में इल्लियां हैं इसके बावजूद भी भोजन पका कर बच्चों को परोस दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार दाल में पर्याप्त सामग्री नहीं होती और चावल भी अधपके दिए जाते हैं। शासन द्वारा तय किए गए मेन्यू के मुताबिक भोजन नहीं बनाया जाता। ये आरोप भी लगाया है कि विरोध करते हैं तो हॉस्टल के कर्मचारी और वार्डन अभद्रता और गाली गलौज करते हैं।

मामले में की जाएगी जांच

अपनी परेशानी लेकर यह छात्र जब कलेक्ट्रेट पहुंचे तब अधिकारियों ने इनकी पूरी बात सुनी। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने कहा कि छात्रावास में खराब भोजन परोसने और कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई है। शिकायत आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य को तलब किया गया है और चार सदस्य टीम गठित का तत्काल छात्रावास भेजने के निर्देश दिए गए हैं। यह टीम मौके पर जाकर छात्रों के बयान लेगी और छात्रावास की व्यवस्थाओं की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews