खरगोन: बुरहानपुर जा रही यात्री बस हुई हादसे का शिकार, 13 लोग घायल, चालक और परिचालक फरार

खरगोन में बुरहानपुर जा रही निजी बस के ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 13 यात्री घायल हुए, जिनमें पांच को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार हो गए।
Khargone Bus Accident

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन से एक बड़ी खबर सामने आई है। बुरहानपुर जा रही एक निजी बस के ब्रेक फेल होने के बाद वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 13 यात्रियों के घायल होने की सूचना है जिनमें से पांच यात्रियों को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

जानकारी अनुसार, यह हादसा चैनपुर थाना क्षेत्र के पाडल्या गांव के पास हुआ है। बस क्रमांक MP 10 ZE 4364 धूलकोट-असीरगढ़ होते हुए बुरहानपुर की ओर जा रही थी। तभी अचानक ही बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर पलट गई।

मौके पर पहुंची पुलिस की टीम

बता दें कि हादसे की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डाक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। वहीं जिन घायलों को गंभीर चोटे आई हैं उन्हें तत्काल ही खरगोन अस्पताल पहुंचाया गया है।

हादसे में घायल हुए यात्री

जानकारी अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान भी हो चुकी है। जिनमें शीतल (5), सुनीता (25), प्रमिला (22), बुधिबाई (28), शिवा (20), दीपाली (16), उषा (16), बिनाबाई (25), रिकेश (27), विजय (21), रेखा (30), श्यानीबाई (65) एवं घिसिया (68) शामिल हैं।

बस चालक और परिचालक फरार

दुर्घटना के बाद बस चालक आरिफ बेग और परिचालक दिनेश मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बस का मालिक खरगोन का रहने वाला है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों के साथ-साथ बस की स्थिति की भी जांच शुरू कर दी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews