
रिश्ते का टूटना कभी भी आसान नहीं होता। जब दो लोग अलग होते हैं, तो उनके बीच कई तरह की भावनाएं जुड़ी होती हैं गुस्सा, प्यार, शिकायतें और यादें। ऐसे में ब्रेकअप के बाद यह सवाल अक्सर सामने आता है कि क्या एक्स पार्टनर के साथ “जस्ट फ्रेंड” रहना संभव है?
कई लोग कहते हैं कि यह बिल्कुल मुमकिन है, अगर दोनों मैच्युरिटी से रिश्ता संभालें। वहीं, कुछ लोग मानते हैं कि पुराने रिश्ते का बोझ दोस्ती में रुकावट बन जाता है। सच्चाई यह है कि हर कपल और हर रिश्ता अलग होता है। लेकिन अगर आप इस तरह की दोस्ती की सोच रहे हैं, तो इसके फायदे-नुकसान जरूर समझना चाहिए।
एक्स के साथ “जस्ट फ्रेंड” बनने के पीछे क्या चुनौतियां हैं?
1. पुरानी भावनाओं की दखल
भले ही आप खुद को यह समझाएं कि सब खत्म हो गया है, लेकिन सच यह है कि पुराने रिश्ते की भावनाएं इतनी आसानी से खत्म नहीं होतीं। अचानक फिर से दोस्ती शुरू करने पर वही यादें और जुड़ाव वापस आ सकता है। कई बार यही वजह बनती है कि जस्ट फ्रेंड वाला रिश्ता टिक नहीं पाता।
2. नए रिश्तों में दिक्कत
अगर आप एक्स के साथ लगातार जुड़े रहते हैं, तो आपके नए पार्टनर को असहज महसूस हो सकता है। उन्हें शक या असुरक्षा हो सकती है कि आपके बीच अब भी कुछ बाकी है। ऐसे हालात नए रिश्ते को कमजोर कर सकते हैं और गलतफहमियों को जन्म दे सकते हैं।
3. मानसिक उलझन और असुरक्षा
कई बार लोग खुद को ही कन्फ्यूजन में डाल लेते हैं। दोस्ती करते-करते मन में दोबारा उम्मीदें जगने लगती हैं, और वहीं से परेशानी शुरू होती है। यह मानसिक तनाव और असुरक्षा पैदा करता है, जिसकी वजह से न तो दोस्ती सही ढंग से चल पाती है और न ही नया रिश्ता।
क्या सच में मुमकिन है “जस्ट फ्रेंड” रहना?
हर इंसान और हर रिश्ता अलग होता है। अगर दोनों लोग मैच्युर हैं, पुरानी बातें पीछे छोड़ चुके हैं और एक-दूसरे से भावनात्मक उम्मीद नहीं रखते, तो दोस्ती लंबे समय तक चल सकती है। लेकिन अगर दिल में अभी भी लगाव है या कड़वाहट बाकी है, तो यह रिश्ते को और ज्यादा जटिल बना देता है।
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि जस्ट फ्रेंड बनने से पहले खुद से ईमानदारी से सवाल करना जरूरी है क्या आप सच में आगे बढ़ चुके हैं? क्या आपको एक्स को दूसरे नजरिए से देखने में दिक्कत नहीं होगी? अगर जवाब हां है, तो दोस्ती मुमकिन है, लेकिन अगर नहीं, तो बेहतर है दूरी बनाए रखना।

