दही में मिलाएं ये एक चीज़, सिर्फ दो वॉश में डैंड्रफ साफ होने लगेगा

सर्दियों में बढ़ती डैंड्रफ की समस्या से परेशान हैं? तो यह घरेलू हेयर रेमेडी आपके लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है। जानें कैसे दही और नींबू का मिश्रण पहली ही बार में डैंड्रफ को कम कर सकता है और स्कैल्प को देता है गहरा पोषण।
Dandruff Treatment at home

सर्दियों का मौसम आते ही बालों में डैंड्रफ Dandruff (Treatment at Home) की समस्या तेज़ी से बढ़ जाती है। खासकर जिनका स्कैल्प नैचुरली ऑयली है, उन्हें यह परेशानी कई गुना ज़्यादा झेलनी पड़ती है। मार्केट में एंटी-डैंड्रफ शैंपू और ट्रीटमेंट्स की भरमार है, जो तुरंत असर दिखाने का दावा करते हैं। लेकिन अक्सर इनका असर तभी तक रहता है, जब तक आप उनका इस्तेमाल करते रहते हैं। यही वजह है कि बहुत से लोग बार-बार शैंपू बदलते-बदलते थक जाते हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय तक चलने वाला समाधान नहीं मिल पाता।

ऐसे में कई बार समाधान हमारे घर की रसोई में ही छिपा होता है। और बिल्कुल ऐसा ही मामला है दही और नींबू के इस घरेलू पैक का, जो न केवल डैंड्रफ को जड़ से खत्म करने में मदद करता है, बल्कि स्कैल्प की ड्राईनेस, खुजली और गंदगी को भी दूर करता है। दिल्ली की मशहूर सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट और ब्यूटी एक्सपर्ट पूनम चुघ बताती हैं कि दही अपने आप में एक शक्तिशाली प्राकृतिक एक्सफोलिएटर है, लेकिन जब उसमें नींबू का रस मिलाया जाता है, तो यह मिश्रण डैंड्रफ पर पहली बार में ही असर दिखाना शुरू कर देता है।

दही और नींबू

डैंड्रफ की समस्या कई कारणों से होती है, स्कैल्प का ऑयली होना, मृत कोशिकाओं का जमना, फंगल इन्फेक्शन, गंदगी, या फिर स्किन का बहुत ज़्यादा ड्राई हो जाना। ऐसे में दही और नींबू का हेयर पैक इन सभी समस्याओं पर एक साथ काम करता है। यही वजह है कि यह घरेलू उपाय इन दिनों तेजी से ट्रेंड कर रहा है और इसे कई स्किन और हेयर एक्सपर्ट भी भरोसेमंद मानते हैं।

पूनम चुघ के अनुसार दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्कैल्प की मृत परतों को मुलायम बनाकर हटाता है। यह स्कैल्प को डीप क्लीन करता है और वह एक्सफोलिएशन देता है जो आमतौर पर केमिकल-आधारित प्रोडक्ट्स से मिलता है, लेकिन बिना किसी दुष्प्रभाव के। वहीं नींबू में पाया जाने वाला विटामिन-C और साइट्रिक एसिड अतिरिक्त तेल, गंदगी और फंगस को साफ करता है। दोनों मिलकर स्कैल्प को ऐसा माहौल देते हैं, जिसमें डैंड्रफ पनप नहीं पाता। इस घरेलू उपाय की खासियत यह है कि यह न केवल डैंड्रफ को कम करता है बल्कि बालों को नैचुरली शाइन, मजबूती और स्मूदनेस भी देता है।

दही स्कैल्प को क्या फायदे देता है?

  • डेड सेल्स हटाकर स्कैल्प को सांस लेने देता है
  • ड्राईनेस कम करता है
  • फंगल इन्फेक्शन शांत करता है
  • खुजली और जलन में राहत
  • बालों को डीप कंडीशन करता है

नींबू का योगदान क्यों ज़रूरी है?

  • अतिरिक्त तेल हटाता है
  • स्कैल्प की गंदगी साफ करता है
  • डैंड्रफ पर तुरंत असर
  • खुजली कम करता है
  • हेयर रूट्स को मजबूत करता है

दही और नींबू का एंटी-डैंड्रफ पैक कैसे बनाएं?

इस घरेलू उपाय को बनाना भी बेहद आसान है, और इसके लिए आपको किसी महंगे प्रोडक्ट या स्पेशल टूल की आवश्यकता नहीं होती। एक कटोरी में एक कप दही लें। ध्यान रहे कि दही न ज़्यादा खट्टा हो और न बहुत ठंडा। इसके बाद इसमें एक बड़े चम्मच के बराबर नींबू का रस मिलाएं। दोनों को अच्छी तरह फेंटकर एक स्मूद और क्रीमी पेस्ट तैयार कर लें। इस पैक को उंगलियों की मदद से पूरे स्कैल्प और जड़ों पर लगाएं। बालों की लंबाई में लगाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह ट्रीटमेंट मुख्य रूप से स्कैल्प के लिए है। इसे 30 मिनट तक लगा रहने दें ताकि पोषक तत्व स्कैल्प में अच्छी तरह पहुंच सकें। फिर सामान्य पानी से बाल धो लें। अगर आपके बाल बहुत ऑयली हैं तो हल्के शैंपू से साफ कर लें, वरना सीधे पानी भी काफी है। बाल सुखाकर हल्का-सा सीरम लगा लें। पहली ही बार में आपको डैंड्रफ में कमी और स्कैल्प में हल्कापन स्पष्ट महसूस होगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews