दादी मां के नुस्खे : सर्दियों में रखें सेहत का ख्याल, ये आसान घरेलू उपाय बनाएंगे स्वस्थ और ऊर्जावान

दादी मां के ये नुस्खे अपनाकर आप न सिर्फ ठंड से बच सकते हैं, बल्कि अपनी इम्यूनिटी भी बढ़ा सकते हैं। इन नुस्खों को अपनाने के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और हाइड्रेशन का ध्यान रखना भी जरूरी है। इससे मौसमी बीमारियों से भी बचाव होगा और आप सर्दियों का भरपूर आनंद ले सकेंगे।
Grandma’s Remedies

Grandma’s Remedies : आपको भी घर पर बड़ों ने कभी न कभी इस बात के लिए टोका होगा कि सर्दी बहुत है..बिना टोपी के बाहर मत जाना। या ठिठुरते हुए घर लौटने पर काढ़ा थमा दिया होगा। हम सबकी स्मृतियों में ऐसी कुछ न कुछ बातें होती हैं जो हमें अपने बुजुर्गों की याद दिला देती हैं। हमारी घर में दादी, नानी या फिर कोई अन्य बड़े-बुजुर्ग इसी तरह हमारा खयाल रखते आए हैं। मौसम बदलने के साथ ही उनके नुस्खे भी बदल जाते।

सर्दियों का मौसम चल रहा है और ऐसे में दादी मां के नुस्खे सेहत बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से बचने का प्राकृतिक, सुरक्षित और प्रभावी तरीका हैं। ठंड के समय शरीर को गर्म और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी होता है और दादी मां के नुस्खे इसमें बहुत मददगार साबित होते हैं। ये उपाय हमारे पूर्वजों के अनुभव और जानकारी का संग्रह हैं जिसमें विज्ञान और पारंपरिक ज्ञान दोनों का समावेश हैं।

सर्दी के मौसम में दादी मां के नुस्खे

सर्दियों का मौसम कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को जन्म दे सकता है। ऐसे में दादी मां के नुस्खे सेहतमंद और ऊर्जावान रहने का एक प्राकृतिक और प्रभावी तरीका साबित हो सकते हैं। इन नुस्खों में घरेलू सामग्री का उपयोग किया जाता है, जो न सिर्फ आसानी से उपलब्ध होती हैं बल्कि इनके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते। आज हम आपके लिए कुछ ऐसे ही ‘दादी मां के नुस्खे’ लेकर आए हैं।

1. अदरक और शहद का सेवन : सर्दी और खांसी से राहत पाने के लिए अदरक और शहद का मिश्रण बेहद प्रभावी है। अदरक में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण गले की सूजन कम करते हैं और शहद बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है। इसे बनाने के लिए अदरक का रस निकालकर उसमें एक चम्मच शहद मिलाकर दिन में 2-3 बार सेवन करें।

2. गुड़ और तिल के लड्डू : इस मौसम में शरीर को गर्म रखने और ताकत देने के लिए गुड़ और तिल के लड्डू खाना फायदेमंद है। गुड़ में आयरन और तिल में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, जो सर्दी से बचाने के साथ हड्डियों को मजबूत करता है।

3. देसी घी और हल्दी का उपयोग :  सर्दियों में हल्दी और देसी घी का सेवन इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है। गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी और एक चम्मच घी मिलाकर पीने से ठंड से बचाव होता है। यह मिश्रण शरीर को अंदर से गर्म रखता है और सर्दी-जुकाम से राहत दिलाता है।

4.काढ़ा या मसाला चाय : ठंड में मसाला चाय या फिर काढ़ा शरीर को गर्म और ऊर्जावान बनाए रखती है। चाय में अदरक, काली मिर्च, दालचीनी और तुलसी पत्ती डालकर इसे और स्वास्थ्यवर्धक बनाया जा सकता है। यह चाय सर्दी-जुकाम और थकान को दूर करने में कारगर है।

5. सरसों के तेल की मालिश : सर्दियों में शरीर में रक्त संचार बढ़ाने और ठंड से बचने के लिए सरसों के तेल की मालिश करें। इसे हल्का गर्म करके शरीर पर लगाने से त्वचा की नमी बनी रहती है और मांसपेशियों में दर्द से राहत मिलती है।

6. गुड़हल और तुलसी की चाय : इम्यूनिटी को मजबूत करने के लिए तुलसी और गुड़हल का उपयोग करें। गुड़हल में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं और तुलसी सर्दियों के दौरान वायरस से बचाने में मदद करती है। इसे चाय के रूप में सेवन करना लाभदायक है।

7. सूखे मेवे और घी का सेवन : शरीर को गर्म रखने के लिए सूखे मेवे जैसे बादाम, अखरोट, और काजू का सेवन करें। इन्हें हल्का भूनकर घी में मिलाकर खाने से ऊर्जा बनी रहती है और ठंड का असर कम होता है।

8. लहसुन और शहद का मिश्रण : यह नुस्खा शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और सर्दी-जुकाम से जल्दी राहत दिलाता है। 2-3 कच्चे लहसुन की कलियां लें काटकर इसमें एक चम्मच शहद मिलाकर दिन में 1-2 बार खाएं। लहसुन में एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण होते हैं, जो संक्रमण को दूर करने में मदद करते

9. भाप लेना : नाक बंद होने या सर्दी-जुकाम होने पर भाप लेना बहुत कारगर होता है। गर्म पानी में कुछ बूंदें नीलगिरी का तेल डालकर भाप लेने से राहत मिलती है और नाक की नलियां खुलती हैं।

10. मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल : सर्दियों में त्वचा रूखी हो जाती है। मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर फेस पैक बनाएं। यह त्वचा को नमी प्रदान करता है और त्वचा को स्वस्थ रखता है।

(डिस्क्लेमर : ये लेख सामान्य जानकारियों पर आधारित है। हम इसे लेकर कोई दावा नहीं करते। इस्तेमाल से पूर्व विशेषज्ञ का परामर्श अपेक्षित।)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews