काले होंठों को गुलाबी बनाने के 4 असरदार तरीके, अब छुपानी नहीं पड़ेगी अपनी मुस्कान

अगर होंठ हो गए हैं काले और आप हर बार लिपस्टिक या फिल्टर का सहारा लेते हैं, तो अब वक्त है नैचुरल तरीका अपनाने का। कुछ आसान घरेलू नुस्खों से होंठों का रंग दोबारा हो सकता है गुलाबी, बस आपको चाहिए थोड़ी सी नियमितता।
Dark Lips

चेहरे की खूबसूरती तब और भी निखर जाती है जब मुस्कान में होंठ गुलाबी और हेल्दी नजर आएं। लेकिन बदलती लाइफस्टाइल, गलत आदतें और केमिकल युक्त लिप प्रोडक्ट्स के चलते होंठों का रंग धीरे-धीरे काला पड़ने लगता है। ये सिर्फ लुक्स ही नहीं, कॉन्फिडेंस पर भी असर डालता है।

अगर आप भी काले होंठों (Dark Lips) की समस्या से जूझ रहे हैं, तो परेशान होने की ज़रूरत नहीं। कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप अपने होंठों को फिर से नरम, खूबसूरत और गुलाबी बना सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 4 असरदार तरीके, जो आपकी मुस्कान में फिर से रंग भर सकते हैं।

काले होंठों से हैं परेशान? अपनाएं ये असरदार घरेलू नुस्खे

1. नींबू और शहद का मिक्सचर

नींबू में प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट होता है, जो डार्कनेस कम करने में मदद करता है। शहद त्वचा को मॉइश्चराइज करता है। इन दोनों को मिलाकर रात को सोने से पहले होंठों पर लगाएं और सुबह हल्के गुनगुने पानी से धो लें। नियमित प्रयोग से होंठ गुलाबी दिखने लगते हैं।

2. गुलाब की पंखुड़ियों का लेप

गुलाब की पंखुड़ियों को दूध में कुछ घंटों तक भिगोकर पीस लें। इस पेस्ट को होंठों पर लगाएं और 10–15 मिनट बाद धो लें। गुलाब का नैचुरल रंग और दूध की नमी होंठों की रंगत निखारते हैं और उन्हें सॉफ्ट बनाते हैं। हफ्ते में 3 बार ये उपाय करें।

3. एलोवेरा जेल

एलोवेरा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन्स होंठों की डेड स्किन हटाने और नई त्वचा को नमी देने में कारगर हैं। रोजाना रात को सोने से पहले एलोवेरा जेल होंठों पर लगाएं। यह होंठों को हेल्दी, चमकदार और गुलाबी बनाए रखता है। खासतौर पर गर्मियों में इसका असर जल्दी दिखता है।

4. नारियल तेल या घी की मालिश

नारियल तेल और देसी घी दोनों ही बेहतरीन नैचुरल मॉइश्चराइज़र हैं। रात को सोने से पहले होंठों पर हल्के हाथों से मालिश करें। इससे होंठों की नमी बनी रहती है और कालापन दूर होता है। ये उपाय खासतौर पर सर्दियों में होंठों को फटने से बचाता है।

होंठ काले क्यों होते हैं?

  • स्मोकिंग: निकोटीन होंठों को काला कर देता है।
  • कैफीन का ज़्यादा सेवन: चाय-कॉफी की आदत भी होंठों के रंग पर असर डालती है।
  • कम पानी पीना: शरीर में पानी की कमी होंठों को डिहाइड्रेट करती है, जिससे वे फटते और काले दिखने लगते हैं।
  • लो-क्वालिटी लिप प्रोडक्ट्स: सस्ते लिपस्टिक और बाम्स में मौजूद केमिकल होंठों का नेचुरल कलर खराब कर सकते हैं।
  • इन आदतों को धीरे-धीरे सुधारकर और ऊपर बताए गए घरेलू नुस्खे अपनाकर आप अपने होंठों की रंगत फिर से निखार सकते हैं।

क्या स्क्रबिंग से मिल सकता है फर्क?

बाजार में मिलने वाले लिप स्क्रब्स होंठों की डेड स्किन हटाने में मदद करते हैं, लेकिन अगर आप घर पर स्क्रब बनाना चाहते हैं, तो चीनी और शहद मिलाकर हफ्ते में दो बार स्क्रब करें। इससे होंठ साफ भी होते हैं और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जो गुलाबीपन लौटाने में मदद करता है। स्किन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कंसिस्टेंसी और सही देखभाल से होंठों का रंग बदला जा सकता है। बस ध्यान रखें कि कोई भी उपाय अपनाएं, उसमें धैर्य रखें और नियमितता बनाए रखें।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews