
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) हमेशा ही मीडिया में चर्चा का विषय बने रहते हैं। वह भारत के सबसे धनी अभिनेताओं में से एक है, जिन्हें बॉलीवुड का बादशाह खान कहा जाता है। शुरुआत से लेकर अभी तक उन्होंने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दी है। उनका सिगनेचर स्टेप और चल छैया छैया गाना दुनिया भर में प्रसिद्ध है। कभी अपने लग्जरी अपार्टमेंट, तो कभी अपनी फैमिली… कभी अपने लुक को लेकर, तो कभी अपनी फिल्म को लेकर वह मीडिया में छाए ही रहते हैं।
इन दिनों वह मन्नत को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। मुंबई के बांद्रा इलाके में समंदर के किनारे बना शाहरुख खान का आलीशान बंगला मन्नत किसी सपनों के महल से कम नहीं लगता। दिन-रात इसके बाहर भीड़ जुटी रहती है। यहां कोई फोटो खींचता है, कोई दीवार छूकर लौट जाता है… तो कोई उस पल का इंतजार करता है जब शाहरुख बालकनी से हाथ हिलाएं।
अंदर से रहस्यमयी
इतना यह बंगला बाहर से आकर्षक दिखता है, अंदर से उतना ही रहस्यमयी है। आम लोग ही नहीं कई बड़े सितारे भी मन्नत के अंदर जाने का मौका मिलने पर खुद को खुशकिस्मत मानते हैं। हाल ही में अभिनेता और डांसर राघव जुयाल ने उस घर की अंदरूनी झलक बताई, जो हमेशा से फैंस के लिए एक रहस्य रहा है। राघव जुयाल ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ उनकी वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में काम किया है। इसी सिलसिले में उन्हें आर्यन ने अपने घर मन्नत बुलाया था, लेकिन राघव का कहना है कि उस बंगले में कदम रखना किसी आम घर में जाने जैसा बिल्कुल नहीं है।
एयरपोर्ट जैसी सिक्योरिटी
उन्होंने बताया कि मन्नत में एयरपोर्ट जैसी सिक्योरिटी होती है। राघव ने हंसते हुए कहा कि मुझे गेट पर रोका गया, स्कैनर से गुजरना पड़ा और पहचान की पूरी जांच हुई। शुरुआत में किसी ने पहचाना भी नहीं, शायद उन्हें लगा कि मैं काम मांगने आया हूं। उन्होंने आगे बताया कि मन्नत का सिक्योरिटी सिस्टम इतना मजबूत है कि बिना अनुमति वहां चिड़िया भी पर नहीं मार सकती। जब राघव आखिरकार अंदर पहुंचे, तो उन्होंने उस जगह को देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा, “मन्नत अंदर से किसी म्यूज़ियम या कला संग्रहालय की तरह है। हर दीवार, हर कोना अपनी कहानी कहता है। पुराने जमाने की क्लासिक झलक और आधुनिक इंटीरियर का ऐसा संगम मैंने कहीं नहीं देखा।”
शाहरुख की पसंद
उन्होंने बताया कि घर में लगीं विशाल पेंटिंग्स, झूमर और लकड़ी के काम को देखकर लगता है कि हर चीज पर शाहरुख की पसंद का असर है। बंगले के अंदर की सजावट में किंग खान के स्टाइल की झलक साफ दिखाई देती है। राघव जुयाल ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि आर्यन खान का मन्नत में कोई कमरा नहीं है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मैंने आर्यन से पूछा कि तुम्हारा रूम कहां है, तो वह हंस पड़ा और बोला… यहां रूम नहीं, पूरा फ्लोर होता है। आओ ऊपर चलते हैं।”
हर सदस्य के लिए फ्लोर तय
बता दें कि मन्नत में हर परिवार सदस्य के लिए पूरा फ्लोर तय है। आर्यन का भी अपना एक पूरा मंजिल वाला स्पेस है, जहां उनका स्टूडियो, रेस्ट एरिया और प्राइवेट प्लेस बनी हैं। राघव ने बताया कि वे वहां देर तक बैठे, बातचीत की, मस्ती की और फिर डिनर के लिए बाहर निकल गए। मन्नत शाहरुख खान की मेहनत और सपनों का घर है। जब उन्होंने इसे खरीदा था, तब यह ‘विला वियना’ के नाम से जाना जाता था। बाद में उन्होंने इसका नाम ‘मन्नत’ रखा। करीब 6 मंजिलों वाले इस बंगले में जिम, ऑफिस, लाइब्रेरी, मिनी थिएटर और गार्डन तक है। यहां की हर मंजिल अलग-अलग थीम पर सजी है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

