क्या आपका पार्टनर फैमिली प्रेशर में तो नहीं कर रहा शादी? अरेंज मैरिज में ऐसे पहचानें सच्चाई

अरेंज मैरिज में अगर आपका पार्टनर बातचीत में रुचि नहीं ले रहा, बार-बार परिवार का हवाला दे रहा है या भविष्य की कोई प्लानिंग नहीं कर रहा, तो ये संकेत हो सकते हैं कि वो फैमिली प्रेशर में शादी के लिए राज़ी हुआ है। जानिए ऐसे और संकेत।
Relationship

आजकल की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में अरेंज मैरिज एक आम बात है, लेकिन कई बार ये रिश्ते प्यार या समझदारी से नहीं, बल्कि पारिवारिक दबाव में तय हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में सबसे ज़रूरी है ये जानना कि आपका होने वाला जीवनसाथी इस रिश्ते को दिल से अपनाना चाहता है या सिर्फ घरवालों की खुशी के लिए ‘हां’ कह रहा है।

पार्टनर का बिहेवियर, बातचीत का तरीका और शादी को लेकर उसकी सोच ये सभी संकेत हमें इशारा कर सकते हैं कि कहीं वो इस रिश्ते में मजबूरी में तो नहीं आ रहा। अगर आप भी अरेंज मैरिज के फेज़ में हैं, तो ये बातें आपकी आंखें खोल सकती हैं।

कैसे पहचानें कि पार्टनर पारिवारिक दबाव में शादी कर रहा है?

1. जब बात करने में दिलचस्पी ना हो

शादी से पहले जब दो लोग बात करते हैं तो एक एक्साइटमेंट होती है, भविष्य के प्लान्स, पसंद-नापसंद, करियर आदि पर बातचीत होती है। लेकिन अगर आपका पार्टनर बिना किसी उत्साह के जवाब देता है, हर कॉल में जल्दबाज़ी करता है या बातचीत में इंटरेस्ट नहीं दिखाता, तो यह एक संकेत हो सकता है कि वो इस रिश्ते को लेकर गंभीर नहीं है या शायद उसे मजबूरी में हां कहना पड़ा है।अगर कोई सिर्फ औपचारिकता निभा रहा हो, तो उसके शब्दों से ज्यादा उसकी बॉडी लैंग्वेज और टोन पर ध्यान दें।

2. जब वो हर बात में परिवार को ही बीच में लाए

अगर आपका पार्टनर बार-बार ये कहे कि “मम्मी-पापा ने कहा इसलिए हां किया”, “घर वालों की मर्जी से सब हो रहा है” या “मैं कुछ नहीं कह सकता”, तो ये संकेत हैं कि वो स्वयं निर्णय नहीं ले रहा। ऐसा इंसान जो शादी जैसे अहम फैसले में भी अपनी भावनाओं को प्राथमिकता नहीं दे पा रहा, वो अंदर से शायद इस रिश्ते को नहीं चाहता। फैमिली प्रेशर में की गई शादी लंबे समय में रिश्ते में तनाव ला सकती है, खासकर जब दोनों पार्टनर के इमोशनल लेवल पर फर्क हो।

3. जब भविष्य को लेकर कोई चर्चा न हो

पार्टनर अगर आपके साथ भविष्य की कोई प्लानिंग नहीं करता, जैसे कहां रहेंगे, क्या करेंगे, शादी के बाद करियर या जॉब को लेकर सोच तो यह एक साफ संकेत हो सकता है कि वो इस रिश्ते को सीरियसली नहीं ले रहा। एक उत्साहित और तैयार पार्टनर हमेशा मिलकर आगे की योजना बनाता है।

अगर आपको लग रहा है कि सामने वाला सिर्फ शादी की रस्में निभा रहा है, लेकिन अंदर से कंफ्यूज है, तो संवाद बहुत जरूरी है। खुलकर बात करें और सच्चाई जानने की कोशिश करें।

अरेंज मैरिज में सच जानना क्यों है जरूरी?

शादी सिर्फ एक दिन का फंक्शन नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी का साथ होता है। अगर रिश्ता किसी दबाव में बना है तो वो न तो खुशहाल होगा और न ही टिकाऊ। इसलिए अगर आपको लग रहा है कि आपका पार्टनर शादी को लेकर कंफर्टेबल नहीं है, तो बिना डर या झिझक के खुलकर बातचीत करें। सही समय पर लिया गया फैसला भविष्य को संवार सकता है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews