
क्या आपने कभी गौर किया है कि दिनभर में आप कितनी बार अपने चेहरे को छू लेती हैं? कभी ठुड्डी सहलाना, कभी माथे पर हाथ रखना या फिर नाक खुजाना ये सब हमारी रोज़मर्रा की आदतें हैं। लेकिन यही छोटी-छोटी हरकतें हमारी स्किन पर बड़ा असर डाल सकती हैं।
स्किन एक्सपर्ट्स का कहना है कि चेहरे पर बार-बार हाथ लगाने से बैक्टीरिया और धूल-मिट्टी सीधे स्किन तक पहुंचते हैं। यही कारण है कि पिंपल्स, ब्लैकहेड्स, स्किन इंफेक्शन और उम्र से पहले झुर्रियों की समस्या बढ़ जाती है। चलिए जानते हैं क्यों ये आदत खतरनाक है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
चेहरे पर बार-बार हाथ लगाने से होने वाले नुकसान
1. पिंपल्स और एक्ने की समस्या बढ़ना
हमारे हाथ दिनभर में सबसे ज्यादा गंदगी और बैक्टीरिया के संपर्क में रहते हैं। जब हम चेहरे पर हाथ लगाते हैं, तो ये बैक्टीरिया रोमछिद्रों में चले जाते हैं और वहां तेल (oil) और पसीने के साथ मिलकर पिंपल्स व एक्ने को बढ़ा देते हैं। खासकर ऑयली स्किन वालों को ये आदत तुरंत नुकसान पहुंचाती है।
2. इंफेक्शन और एलर्जी का खतरा
कोविड-19 के समय हमें बार-बार ये सलाह दी गई थी कि चेहरे को बार-बार छूना खतरनाक है, क्योंकि इससे वायरस और बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। यही बात स्किन हेल्थ पर भी लागू होती है। हाथों के कीटाणु आंख, नाक और होंठ के पास पहुंचकर इंफेक्शन और एलर्जी का कारण बन सकते हैं।
3. समय से पहले झुर्रियां आना
चेहरे की स्किन बहुत नाज़ुक होती है। जब हम बार-बार इसे रगड़ते या दबाते हैं, तो स्किन की इलास्टिसिटी कम हो जाती है। धीरे-धीरे फाइन लाइन्स और झुर्रियां दिखाई देने लगती हैं। यानी आपकी छोटी-सी आदत आपकी स्किन को समय से पहले बूढ़ा बना सकती है।
कैसे बचें इस आदत से?
1. अवेयरनेस और कंट्रोल
सबसे पहले ज़रूरी है कि आप अपनी इस आदत को पहचानें। जब भी लगे कि आप चेहरे को छूने वाली हैं, खुद को रोकें। चाहें तो रिमाइंडर सेट कर लें या दर्पण के पास नोट चिपका दें,”चेहरे पर हाथ मत लगाओ।”
2. हाथों की सफाई पर ध्यान दें
अगर कभी ज़रूरी कारण से चेहरा छूना पड़े, तो हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ कर लें। साफ हाथों से स्किन पर बैक्टीरिया का असर कम होगा।
3. स्किन केयर रूटीन अपनाएं
चेहरे को बार-बार छूने की बजाय, दिन में दो बार हल्के फेसवॉश से चेहरा धोएं। स्किन को मॉइश्चराइज्ड रखें और जरूरत पड़ने पर ही चेहरे को टिश्यू या कॉटन से छुएं। इससे स्किन हेल्दी और ग्लोइंग बनी रहेगी।

